रायगढ़। एसईसीएल छाल उपक्षेत्र में काम करने वाले 35 मजदूर पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने से गंभीर आर्थिक संकट में हैं। डोमनारा, धरम और नावापारा आवासीय परिसर तथा डीएवी स्कूल में सफाई कार्य करने वाले इन श्रमिकों ने एसईसीएल छाल प्रबंधन के द्वार पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की।
मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार ऋतिक गोयल द्वारा उनकी मेहनत की मजदूरी का भुगतान रोक दिया गया है। वेतन मांगने पर दुर्व्यवहार और अनदेखी की जाती है। मजदूरों का कहना है कि वे लगातार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और घर चलाना मुश्किल हो गया है। मजदूर जब अपनी शिकायत लेकर उपक्षेत्रीय प्रबंधन कार्यालय पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि एसईसीएल की ओर से ठेकेदार को भुगतान किया जा चुका है। ऐसे में मजदूर सवाल उठा रहे हैं कि जब राशि जारी हो चुकी है, तो वह उनके खाते तक क्यों नहीं पहुंची। मजदूरों का कहना है कि उनके वेतन से पीएफ की कटौती तो की जा रही है, लेकिन उसकी कोई जानकारी या रिकॉर्ड उन्हें नहीं दिया जा रहा है। इससे भविष्य की बचत और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर इस मामले ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूरों का कहना है कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
मजदूरों के हक पर ठेकेदार का डाका, 3 महीने से वेतन नहीं, एसईसीएल छाल प्रबंधन के सामने फूटा श्रमिकों का दर्द
पीडि़तों ने आंदोलन की दी चेतावनी



