रायपुर। मतदान में जहां महिलाएं आगे रही, वहां मतदान का प्रतिशत 80 से अधिक है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरूषों से अधिक रही है। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में आधी आबादी ने आधी से ज्यादा सीटों पर मतदान कर अपना परचम लहरा दिया है। 90 सीटों में से 51 सीटों पर महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया है। इनमें गांव से लेकर शहरी क्षेत्र सहित बस्तर के आदिवासी व नक्सली इलाके शामिल हैं, जिस तरह राजनीतिक पार्टियों ने अपने घोषणा-पत्र में महिलाओं के लिए योजनाओं का पिटारा खोला है।
वैसे ही महिलाओं ने भी चुनाव में जमकर मतदान किया और पुरुषों को पीछे छोड़ दिया। महिलाओं के लिए राजनीतिक पार्टियों ने रसोई गैस सिलिंडर में सब्सिडी से लेकर महतारी वंदन योजना, गृहलक्ष्मी योजना में खाते में सीधे पैसे से लेकर स्व-सहायता समूहों के लिए कर्जमाफी आदि का वादा किया है। महिला मतदाताओं के लिए पार्टियों ने बड़ी घोषणाएं की। इसका असर भी दिखा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं ने मतदान का नया कीर्तिमान रचा।
जहां महिलाएं आगे वहां 80 प्रतिशत से ज्यादा मतदान
मतदान में जहां महिलाएं आगे रही, वहां मतदान प्रतिशत 80 प्रतिशत से अधिक रहा है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही थी। 2023 के पहले व दूसरे चरण के चुनाव को मिलाकर कुल 64 हजार महिला मतदाताओं ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया। इस विधानसभा चुनाव में प्रदेश की एक करोड़ 2 लाख 56 हजार 865 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
इन सीटों पर महिला मतदाताओं ने किया ज्यादा मतदान
भरतपुर सोनहत, प्रतापुर, रामानुजगंज, सामरी, लुंड्रा, अंबिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, पाली तानाखार, मरवाही, जैजैपुर, सरायपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, राजिम, बिंद्रानवागढ़, सिहावा, धमतरी, संजारी बालोद, डौंडीलोहारा, गुंडरदेही, दुर्ग शहर, अहिवारा, पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, राजनांदगांव, खुज्जी, मोहला -मानपुर, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा।
पार्टियों ने खोला पिटारा 51 सीटों पर महिलाओं का दबदबा
