रायगढ़। रविवार को लगने वाले साप्ताहिक ईतवारी बाजार को बंद किए जाने के विरोध में सब्जी व्यवसायियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के साथ बड़ी संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और रविवार को पूर्व की तरह बाजार लगाने की अनुमति देने की मांग करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
व्यवसायियों ने ज्ञापन में बताया कि, रियासत काल से रायगढ़ में रविवार के दिन साप्ताहिक ईतवारी बाजार लगाया जाता रहा है। इस बाजार में करीब 1000 के आसपास दुकानें लगती हैं, जिनमें साग-सब्जी के अलावा घरेलू इस्तेमाल की कई आवश्यक वस्तुओं की बिक्री होती है। व्यापारियों का कहना है कि, बाजार परिसर में ऑक्सीजोन का निर्माण कराया गया है। जब यह योजना प्रस्तावित हुई थी, तब व्यापारियों ने बाजार बंद होने की आशंका को लेकर रैली और प्रदर्शन भी किया था। उस दौरान स्थानीय विधायक और प्रदेश के वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया था कि, ऑक्सीजोन बनने के बाद भी ईतवारी बाजार उसी स्थान पर पहले की तरह लगाया जाएगा। व्यापारियों के अनुसार तय हुआ था कि सप्ताह में 6 दिन ऑक्सीजोन और फूड जोन संचालित होंगे, जबकि सातवें दिन यानी रविवार को ईतवारी बाजार लगेगा और उस दिन ऑक्सीजोन की दुकानें बंद रहेंगी।
मुख्य द्वार पर लगाया गया ताला
व्यापारियों का आरोप है कि, पिछले सप्ताह ईतवारी बाजार के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया गया और बाजार लगाने से मना कर दिया गया। इससे व्यवसायियों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी कारण सोमवार को बड़ी संख्या में व्यापारी कांग्रेस नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपनी मांग रखी।
आर्थिक संकट की आशंका
व्यवसायी संतोष कुमार पांडे ने बताया कि, विधायक ने पहले आश्वासन दिया था कि सप्ताह में 6 दिन अन्य गतिविधियां चलेंगी और एक दिन बाजार लगेगा। लेकिन अब नगर निगम के अधिकारी अलग-अलग बातें कह रहे हैं और कभी 24 दिन तो कभी 2-3 सप्ताह तक बाजार बंद रखने की बात कही जा रही है। इससे छोटे सब्जी व्यवसायियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस ने उठाया मुद्दा
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि आजादी से पहले से यहां सब्जी बाजार लगाया जा रहा है। ऑक्सीजोन निर्माण के बाद व्यापारियों को वहां से हटाया जा रहा है, जिससे असमंजस की स्थिति बन गई है। उन्होंने मांग की कि व्यापारियों को आगामी रविवार से वहां बैठने दिया जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
इस मामले में एसडीएम महेश शर्मा ने कहा कि ईतवारी बाजार में दुकान लगाने वाले व्यवसायियों ने ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि ज्ञापन मिलने के बाद संबंधित विभागों से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी और व्यवसायियों के हित में प्रयास किया जाएगा।



