रायगढ़। बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद रायगढ़ जिले में भी प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। पशु चिकित्सा विभाग और प्रशासन ने जिलेभर में मुर्गी दुकानों और पोल्ट्री फार्म पर निगरानी शुरू कर दी है।
दरअसल, बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में पिछले पांच दिनों के भीतर करीब 5 हजार मुर्गे-मुर्गियों की मौत हुई थी। जहां जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि, बिलासपुर से रायगढ़ जिले में भी चूजों की सप्लाई होती है। इसी वजह से प्रशासन ने एहतियातन जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि यदि कहीं भी मुर्गे या मुर्गियों की असामान्य मौत होती है तो इसकी तत्काल सूचना प्रशासन को दी जाए। पशु चिकित्सा विभाग के फील्ड स्टाफ की तरफ से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मुर्गे-मुर्गियों की दुकानों और पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया जा रहा है। दुकानदारों और पोल्ट्री संचालकों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले साल रायगढ़ में भी मिला था बर्ड फ्लू
गौरतलब है कि फरवरी 2025 में रायगढ़ जिले में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। उस समय सरकारी पोल्ट्री फार्म में 28 जनवरी 2025 को एक शेड में 3 मुर्गियों की मौत हुई थी। इसके बाद 29 जनवरी को 10 और 30 जनवरी को एक ही शेड से 245 मुर्गियों की मौत हो गई थी। मामले की जांच के लिए सैंपल भोपाल भेजे गए थे, जहां जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कई पक्षियों को नष्ट किया गया था।
अधिकारी बोले- अभी जिले में स्थिति सामान्य
सरकारी पोल्ट्री फार्म के प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने बताया कि बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद रायगढ़ जिले में भी अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में ऐसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर दुकानों और पोल्ट्री फार्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बर्ड फ्लू को लेकर रायगढ़ में अलर्ट, दुकानों पर बढ़ाई गई निगरानी, मुर्गियों की मौत पर तत्काल दें सूचना



