जांजगीर-चांपा। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में शराब पीकर हंगामा करने वाले यात्रियों पर अब सख्ती बढऩे वाली है। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को आखिरकार ब्रीथ एनालाइजऱ मशीन उपलब्ध करा दी गई है। रेल अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल जांच प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि मौके पर ही शराब पीने की पुष्टि भी की जा सकेगी।
दरअसल, जीआरपी के पास अब तक शराब की जांच के लिए कोई आधुनिक उपकरण उपलब्ध नहीं था। ऐसे में यदि किसी यात्री पर शराब पीकर उपद्रव करने का संदेह होता था, तो उसे मेडिकल जांच या डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए शासकीय अस्पताल भेजना पड़ता था। इस प्रक्रिया में काफी समय लगता था और कई बार रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि नहीं हो पाती थी। इसके परिणाम स्वरूप यात्रियों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती थी और जीआरपी कार्रवाई भी कमजोर पड़ जाती थी।
चंद सेकंड में बता देगी शराब पी है या नहीं
नई ब्रीथ एनालाइजऱ मशीन से अब संदिग्ध यात्री की मौके पर ही सांस की जांच की जा सकेगी। मशीन कुछ ही सेकंड में यह बता देगी कि व्यक्ति ने शराब सेवन किया है या नहीं और उसकी मात्रा कितनी है। इससे जीआरपी को त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी। जीआरपी के अनुसार कई त्योहारों के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर शराब पीकर यात्रा करने तथा हंगामा करने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। सामान्य दिनों में भी इस तरह की दिक्कत होती है। ऐसे में यह मशीन कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएगी। जीआरपी ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं निर्दोष यात्रियों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए जांच प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाया जाएगा। नई मशीन से जीआरपी की कार्रवाई अब और प्रभावी मानी जा रही है। बता दें कि ब्रेथ एनालाइजऱ एक ऐसी मशीन होती है, जो व्यक्ति की सांस में मौजूद अल्कोहल की मात्रा मापती है। पुलिस इसे ड्रिंक-एंड-ड्राइव जांच में इस्तेमाल करती है।
आगामी दिनों में कुछ और मशीन भेजी जाएगी
रेल अधिकारियों के अनुसार, शासकीय रेलवे पुलिस का मुख्यालय रायपुर में है। यह मशीन वहीं से भेजी गई। हालांकि, अभी केवल एक मशीन उपलब्ध कराई गई है और बिलासपुर जीआरपी को इसकी नियमित उपयोग करने के लिए कहा है। दरअसल, बिलासपुर जोनल मुख्यालय का स्टेशन है। यहां सभी दिशाओं से ट्रेन आकर रुकती है। भीड़ का दबाव अधिक होने के कारण इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही थी। आने वाले दिनों में कुछ और मशीनें आएंगी।
ट्रेन में शराब पीकर चढऩे वाले यात्रियों पर शिकंजा, अब ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जीआरपी करेगी जांच



