रायगढ़। 29 जनवरी को आयोजित चतुर्थ दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल डॉ.रमन डेका के द्वारा कामधेनु विश्वविद्यालय दुर्ग के 2017 बैच के यूनिवर्सिटी टॉपर एवं बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंडरी के ऑलओवर फैकल्टी टॉपर के रूप में खरसिया पशु चिकित्सालय में पदस्थ डॉक्टर रामनाथ बंजारे को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। सेवाभावी डॉ.बंजारे 6 वर्ष तक बिलासपुर में पदस्थ रहे, जहां उन्होंने गोपाल गौशाला संस्थान, श्रीकृष्ण गौशाला और आस्था गौशाला से जुडक़र नि:स्वार्थ गौसेवा कार्यक्रम में भागीदारी की। वहीं निधि जीवाश्रय केंद्र एवं डॉग लवर संगठनों के साथ सेवा कार्य किया। साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र में फॉर्मर एवं प्रोड्यूसर व्यवसायिक समूह को प्रशिक्षण जैसे अनेकों कल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी की। उल्लेखनीय होगा कि डॉ.रामनाथ बंजारे भारत सरकार कृषि विकास मंत्रालय के द्वारा प्रायोजित हैलो किसान वाणी कार्यक्रम में विशेषज्ञ के रूप में रोगों एवं उपचार सलाहकार के रूप में सहभागिता करते रहते हैं। वहीं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत पशुपालक एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम तिल्दा एवं बिलासपुर और खरसिया में हजारों कृषकों को प्रशिक्षण दिया। सेवाभावी डॉ.बंजारे ने शहरी आश्रय केन्द्र मोपका से जुडक़र घायल एवं जरूरतमंद मवेशियों की नि:स्वार्थ सेवा की है। वर्तमान में डॉ.बंजारे खरसिया में कामधेनु गौसेवा संगठन से जुडक़र एक्सीडेंटल गौवंश के उपचार की सेवा दे रहे हैं।



