रायपुर। नगर निगम ने सालों से लंबित बकाया राशि नहीं चुकाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर 4 वार्डों के 26 बकायादारों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 6 बकायादारों का नल कनेक्शन काटा गया।
वहीं, सीलबंदी की कार्रवाई के बीच 2 बकायादारों ने मौके पर ही पूरा बकाया जमाकर दिया, जबकि 2 अन्य ने आंशिक भुगतान किया। 12 बकायादारों ने 9 फरवरी तक और एक बकायादार ने 15 फरवरी तक पूरा बकाया चुकाने का लिखित आश्वासन दिया। जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई अस्थायी रूप से स्थगित की गई। नगर निगम की टीम ने जोन-4 के डॉ. विपिन बिहारी सूर वार्ड (64), स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड (44), पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड (34) और सिविल लाइन वार्ड (46) में यह कार्रवाई की। इस दौरान लाखों रुपये के बकाया मामलों में नल विच्छेदन और सीलबंदी की प्रक्रिया अपनाई गई। निगम अधिकारियों के मुताबिक, बकाया वसूली को लेकर आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी। समय पर भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बकायादारों से अपील की है कि वे तय समय-सीमा में अपना बकाया जमा कर दंडात्मक कार्रवाई से बचें।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि, प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि, बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। जिसके बाद गौरव गार्डन, मधुबन, ओमाया और अमायरा में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। इसके बाद आज गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिया गया है। अंबुजा मॉल और डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द ही नोटिस देने की तैयारी चल रही है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त राजस्व जागृति साहू ने जोन-5 की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि, इसी तरह की सख्ती और निरंतर प्रयासों से निगम की आय में बढ़ोतरी संभव है। निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
26 बकायादारों की प्रॉपर्टी सील, काटे गए नल कनेक्शन
सालों से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं देने वालों पर रायपुर निगम सख्त



