बिलासपुर। नए साल से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का समय बदल जाएगा। नई समय सारिणी एक जनवरी से लागू हो जाएगी। नए टाइम-टेबल के अनुसार, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में पांच से 25 मिनट का बदलाव किया गया है। रेलवे ने गाडिय़ों के परिचालन में समय में गति बढ़ाते हुए समय की बचत करने का दावा किया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि, यात्रा से पहले नई समय-सारणी की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। यात्री संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या पश्चिम-मध्य रेलवे की अधिकृत वेबसाइट से 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
5 से 25 मिनट तक बढ़ाया गया एक्सप्रेस-पैसेंजर ट्रेनों समय
रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया कि, हर साल अलग-अलग स्टेशन में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम चलता है। इसकी वजह से हर साल एक जनवरी से ट्रेनों की नई समय सारिणी तय की जाती है। गाडिय़ों के आने-जाने के समय में गति बढऩे से बदलाव होता है। आने वाले नए वर्ष में भी भारतीय रेलवे की समय सारणी में 1 जनवरी 2026 से आंशिक परिवर्तन किया गया है। गाडिय़ों के परिचालन में प्रस्थान से आगमन तक के समय में गति बढ़ाते हुए परिचालन समय की बचत के लिए समय सारणी में परिवर्तन किया जाता है। इन आवश्यक कार्यों को निरंतर करते रहने से विभिन्न सेक्शनों में मेल एक्सप्रेस गाडिय़ों में 10 मिनट से लेकर 25 मिनट तक एवं पैसेंजर गाडिय़ों में 5 मिनट से लेकर 20 मिनट तक के परिचालन समय में (प्रस्थान स्टेशन से आगमन) बचत होगी।
63 गाडिय़ों के समय में आंशिक बदलाव
इसी प्रकार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 1 जनवरी 2026 से लागू होने वाली नई रेलवे समय-सारणी में जोन से होकर रेलवे से चलने वाली एवं होकर गुजरने वाली 63 गाडिय़ों के समय में आंशिक बदलाव होगा। इसमें अप दिशा और डाउन दिशा की 55 एक्सप्रेस और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। अन्य स्टेशनों में समय सारणी यथावत रहेगी।
नए साल 2026 में बदलेगी ट्रेनों की टाइमिंग
55 एक्सप्रेस व 8 पैसेंजर के समय में 5 से 25 मिनट का बदलाव



