बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन (सेक्रो), बिलासपुर मंडल द्वारा संचालित लिटिल बन्नी स्कूल का वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘एक्सप्लोरिंग इंडिया’ दिनांक 15 एवं 16 दिसम्बर 2025 को भव्य रूप से आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस सेक्रो, बिलासपुर मंडल की अध्यक्षा श्रीमती भगवती खोईवाल द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात नर्सरी, प्री-नर्सरी एवं केजी-1 के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की मासूम और सजीव प्रस्तुतियों से लिटिल बन्नी स्कूल का विशाल सभा मंडप लगभग 600 दर्शकों की तालियों की गूंज से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के द्वितीय एवं अंतिम दिवस स्कूली बच्चों द्वारा पुन: विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यालय सेक्रो की अध्यक्षा श्रीमती मिनाक्षी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत ग्रुप डांस, देशभक्ति एवं पारंपरिक गीतों पर आधारित नृत्यों को दर्शकों से भरपूर सराहना मिली। इस दौरान बच्चों ने भारत के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर ‘अनेकता में एकता’ का सशक्त संदेश दिया। वहीं एक वृक्ष के माध्यम से की गई सांकेतिक प्रस्तुति द्वारा धर्मनिरपेक्षता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम की इस सांस्कृतिक श्रृंखला में सेक्रो द्वारा संचालित साक्षरता संस्था ‘ज्ञानदीप’ के बच्चों ने भी अपनी मोहक नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्या श्रीमती बी. दीपा द्वारा विद्यालय की गतिविधियों पर आधारित वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों एवं वर्ष भर आयोजित प्रतियोगिताओं की झलकियाँ सम्मिलित रहीं।
मुख्य अतिथि श्रीमती मिनाक्षी शर्मा ने अपने उद्बोधन में बच्चों की प्रतिभा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम की संकल्पना और उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले कलाकारों, प्राचार्या, शिक्षिकाओं एवं सेक्रो की सभी सदस्याओं के परिश्रम और टीम-वर्क की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। सेक्रो, बिलासपुर मंडल की अध्यक्षा श्रीमती भगवती खोईवाल ने भी अपने संबोधन में बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।्र इस अवसर पर मुख्यालय सेक्रो की उपाध्यक्षा श्रीमती मंजुला साहू, सचिव श्रीमती मनीषा गुरुमुखी, कोषाध्यक्षा श्रीमती निधि अग्रवाल, बिलासपुर मंडल सेक्रो की उपाध्यक्षा श्रीमती सुधा श्रीनिवास, सचिव श्रीमती मोनिका देवांगन, कोषाध्यक्षा श्रीमती अर्पिता गर्ग, स्कूल इंचार्ज श्रीमती ममता सचन सहित सेक्रो की सभी सदस्याएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
लिटिल बन्नी स्कूल के वार्षिक उत्सव में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित



