रायगढ़। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य अतिथ्य में तमनार में आज पशुधन विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय पशु मेला, उत्सव एवं प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वे जब तक राजनीति में रहेंगे, वे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए कार्य करेंगे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 1 करोड़ 37 हजार रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उन्होंने पशुपालकों को सम्मानित करने के साथ ही तेन्दुपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका वितरित किए।
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पशुधन विकास विभाग द्वारा पशु मेला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के दूध उत्पादक पशुपालक सम्मिलित हुए हैं। वे बहुत अच्छे तरीके से गौ पालन कर रहे है, उनको बहुत-बहुत बधाई। गौ पालकों को किसी भी प्रकार की जरुरत होगी, हमारी सरकार गौ पालकों के साथ खड़ी है। हमारे पशुपालक अच्छी ब्रीड के पशुधन का पालन कर एक अच्छा संदेश दे रहे है कि किस प्रकार पशुधन से आर्थिक स्थिति को सुधारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब से हमारी सरकार बनी है, तब से लोगों के आर्थिक स्तर में सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। हमारी सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहक के लिए समर्थन मूल्य में वृद्धि कर 4 हजार से 5 हजार 500 किया गया। वही तेंदूपत्ता संग्राहक दीदी-बहनों के लिए चरण पादुका योजना की शुरुआत भी की है। सरकार के बनते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान का बकाया बोनस वितरण करने के साथ ही धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपए कर, प्रति एकड़ 15 क्विंटल से बढ़ाकर 21 क्विंटल धान की खरीदी की गई। पीएम आवास एक महत्वपूर्ण योजना है, हमारी सरकार ने 18 लाख गरीबों के रुके हुए पीएम आवास को स्वीकृति देकर मकान निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। आज प्रत्येक गांव में पीएम आवास के कार्य हो रहे है। वही लगातार पीएम आवास के बजट में वृद्धि हो रही है, जिससे अधिक से अधिक लोग पीएम आवास से लाभान्वित हो रहे हैै। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि तमनार ब्लाक में लगभग 8 हजार 400 आवास स्वीकृत हुए है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर निर्माण कर भगवान श्री राम को विराजमान करवाया गया। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने पहले ही बजट में श्री राम लाल दर्शन योजना की शुरुआत कर योजना के तहत श्रद्धालु को भगवान के दर्शन करवाने का कार्य किया। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना का संचालन किया जा रहा, ताकि महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर हो सके। उन्होंने महतारी वंदन योजना की सफलता के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आज सारंगढ़ की महिलाएं महतारी वंदन योजना की राशि से भगवान श्री राम की मंदिर बना चुकी है। उन्होंने महिलाओं को सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी दी। उन्होंने महतारी वंदन योजना की बचत राशि को सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने के लिए प्रेरित किया, ताकि बच्चियों के भविष्य के लिए एक सुरक्षित राशि जमा हो सके, जो उनके शिक्षा एवं शादी में काम आ सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न प्रकार के मांग रखे गए है। जिन्हे जल्द ही स्वीकृति प्रदान कर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छोटे कार्यों से राजनीतिक लाभ अधिक होता है लेकिन राजनीतिक लाभ से उठकर बड़े कार्यो को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाएगा। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने मां बहनों की चरण पादुका योजना को बंद कर दी थी, लेकिन आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने हमारी माता बहनों के सम्मान मेें चरण पादुका योजना पुन: प्रारंभ कर समर्पित किया है। वहीं पशुधन विकास को लेकर सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इसके तहत आज पशुधन मेला लगाया गया ताकि पशुपालकों को उन्नत किस्म के पशुओं की जानकारी हो और वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सके।
लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए करते रहेंगे काम-वित्त मंत्री ओ.पी.
पशुपालकों को किया सम्मानित, तेन्दुपत्ता संग्राहकों को वितरित किया चरण पादुका, तमनार में आयोजित हुआ जिला स्तरीय पशु मेला
