धरमजयगढ। प्रकृति का क्रोध कभी-कभी जीवन की सबसे शांत पलों को भी त्रासदी में बदल देता है। कुछ ऐसा ही हृदयविदारक घटना रायगढ़ जि़ले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम मेंडरीढाप में सामने आया है, जहां आसमान से गिरी बिजली ने एक महिला की जीवनलीला वहीं समाप्त कर दी। मिली जानकारी अनुसार गुरुवार की दोपहर लगभग साढ़े 3 बजे, ग्राम मेंडरीढाप की निवासी कौशल्या माझी, जो कापू ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 की पंच भी थीं, अपने पति गुड्डू माझी के साथ खेत में धान की कटाई कर रही थीं। इस दौरान मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर के बाद आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बारिश की आहट सुनाई देने लगी। वहीं बिजली की चमक और बदलते मौसम को देख कौशल्या माझी सहित चार लोग खेत से जल्दी-जल्दी निकल पड़े। उन्होंने खेत में ही लकडिय़ों का एक ग_र अपने सिर पर रख लिया और अपने घर की ओर बढ़ चले। रास्ते में जैसे ही वे एक महुआ के पेड़ के समीप पहुँचे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कौशल्या माझी के ऊपर गिर गई। इस घटना में बिजली की चपेट से कौशल्या माझी की मौके पर ही मृत्यु हो गई,जबकि उनके साथ चल रहे तीन अन्य लोग बिजली की हल्की चपेट में आकर अचेत हो गए। कुछ समय बाद जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने कौशल्या को मृत अवस्था में पाया। इस हृदयविदारक घटना की सूचना तुरंत कापू पुलिस थाना को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है।



