रायगढ़। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दिया, इससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे लैलूंगा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सलखिया निवास बालकृष्ण पैंकरा पिता पुलेश्वर पैंकरा (30 वर्ष) ग्राम झरन निवासी नॉन पैकरा पिता उधव पैकरा (30 वर्ष) के साथ स्कूटी में सवार होकर शुक्रवार को सुबह खम्हार की तरफ जा रहे थे। इस दौरान झरन और खम्हार के बीच मोड़ पर पहुंचे थे तभी ट्रेलर क्रमांक सीजी-22 जेड 0794 के चालक ने पिछे से तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते हुए आया और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दिया, इससे स्कूटी में सवार दोनों युवक वाहन सहित सडक़ में दूर जा गिरी। वहीं इस हादसे को देखकर वाहन चालक ने ट्रेलर को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। इस दौरान आसपास के लोगों ने देखा तो इसकी सूचना लैलूंगा पुलिस को दिया, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को उपचार के लिए लैलूंगा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही बालकृष्ण पैकरा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके साथी नान पैकरा के सिर व शरीर में गंभीर चोट आने से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसकी भी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। साथ ही घटना की सूचना मिलते ही मृतक बालकृष्ण के परिजन आने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
दुर्घटनाकारित वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही वाहन चालक के खिलाफ धारा 125 ए, 106ए 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और फरार वाहन चालक की तलाश सरगमी से की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



