रायगढ़। जिला ऑटो चालक संघ का चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए संजय बाजपेयी निर्वाचित हुए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद रात में जीते हुए प्रत्याशियों की घोषणा चुनाव प्रभारियों के द्वारा की गई। रविवार को जिला ऑटो चालक संघ के चुनाव को लेकर स्टेशन चौक रोड पर काफी चहल पहल थी। चुनाव का समय सुबह 7 बजे से 4 बजे तक था। ऐसे में पंचायती धर्मशाला में चुनाव शुरू हुआ और एक-एक कर मतदाता अपना मतदान करने पहुंचने लगे। दोपहर तक करीब 50 प्रतिशत मतदान हो चुका था और शाम 4 बजे तक 5 पदों के लिए 863 मतदाताओं ने मतदान किया। इसके बाद मतगणना शुरू हुई और रात साढ़े 8 बजे चुनाव में जीते हुए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई।
ये प्रत्याशी हुए निर्वाचित
अध्यक्ष पद पर संजय बाजपेयी को 317 वोट मिले। जिन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 154 मतो से हराया। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद में राजीव पांडे को 431 वोट, सचिव पद के लिए अनुज दास को 408 वोट, सह सचिव पद पर सरोज भारद्वाज को 411 वोट व कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय चंद्रा को 299 वोट मिले। जिला ऑटो चालक संघ का चुनाव 5 पदो के लिए हुआ। इसमें अध्यक्ष पद के लिए 8 प्रत्याशी चुनाव में थे, जिसमें 2 महिलाएं थी। उपाध्यक्ष पद के लिए 3, सचिव 3, कोषाध्यक्ष 3, सह सचिव पद के लिए 4 प्रत्याशी चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे थे। सहायक चुनाव अधिकारी दिनेश महंत ने बताया कि हर 3 साल में जिला ऑटो चालक संघ का चुनाव होता है। सजंय बाजपेयी 3 सालों से अध्यक्ष पद का चुनाव जीत रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंजुल दीक्षित व चुनाव अधिकारी राजेन्द्र ठाकुर, मनोज यादव, नरेन्द्र सिंह, सुभाष महंत ने शांतिपूर्ण ढंग से संघ का चुनाव संपन्न कराया। जिला ऑटो चालक संघ में 1022 मतदाता हैं। जिसमें से 863 मतदाताओं ने मतदान किया।
संजय बाजपेयी लगातार तीसरी बार बने जिला आटो संघ के अध्यक्ष
154 वोटो से दर्ज की जीत
