रायगढ़। जिले में हाथी खाने की तलाश में धान खरीदी केन्द्र तक पहुंच गए। हालांकि ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण हाथी धान खा नहीं सके। लेकिन इस दौरान एक हाथी ने ग्रामीणों को जमकर दौड़ाया। इसके बाद वापस जंगल की ओर लौट गया। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
दरअसल, रायगढ़ के दोनों वन मंडल में हाथियों की मौजूदगी है। बीती रात छाल वन परिक्षेत्र का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि हाथी धान खरीदी केन्द्र तक पहुंच गए। मामला सोमवार रात करीब 9 बजे का है। कुड़ेकेला सर्किल में एक हाथी जंगल से निकलकर धान खरीदी केन्द्र तक पहुंचा था।
जब हाथी के आने की जानकारी यहां के चैकीदार को लगी, तो उसने इसकी सूचना वन अमला को दी। वनकर्मी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, और टार्च जलाकर हाथी को भगाने का प्रयास करने लगे। लेकिन हाथी उनकी तरफ ही दौड़ा पड़ा। इसके पास धान खरीदी केन्द्र के गेट में लगे लकड़ी को तोडक़र वापस लौट गया। इस समय जिले में 83 हाथियों की मौजूदगी है।
झुंड से अलग कर रहा विचरण
इसी तरह ग्राम कटाईपाली गांव के धान खरीदी केन्द्र में भी एक हाथी पहुंच गया। ग्रामीणों की मौजूदगी की वजह से हाथी अंदर नहीं जा सका। जिसके बाद हाथी लौटकर घरघोड़ा रेंज की ओर चले गया।मंडी में लगे सीसीटीव फूटेज में हाथी साफ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह 32 हाथी के दल में एक था। जो अभी अकेला विचरण कर रहा है।
लगातार निगरानी कर रहे
छाल रेंज के प्रभारी रेंजर चंद्रविजय सिंह सिदार ने बताया कि हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है। धान खरीदी केन्द्रों में धान नुकसान नहीं किया है। धान खरीदी केन्द्रों के बाहर रात में अलाव जलाने भी कहा गया है। ताकि हाथी वहां तक नहीं पहुंचे।
कुड़ेकेला धान खरीदी केन्द्र तक पहुंचे हाथी
ग्रामीणों को दौड़ाया, कोई हताहत नहीं
