रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में चोरियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अब भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी चोरी की घटनाओं के बढऩे और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर खुला विरोध जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद अध्यक्ष सहोद्रा राठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना घरघोड़ा में पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन पर चोरी रोकने में असफल रहने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
चोरी की बढ़ती घटनाएं और जनता की नाराजगी
घरघोड़ा क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है। स्थानीय लोग इस बढ़ती असुरक्षा से परेशान हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा सरकार में भी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। इससे जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष गहराता जा रहा है।
भाजपा नेतृत्व पर सवाल
रायगढ़ जिले में मंत्री, सांसद और जिला स्तर के भाजपा नेताओं की उपस्थिति के बावजूद मंडल स्तर के नेताओं का इस तरह का विरोध प्रदर्शन कई सवाल खड़े करता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार और पार्टी नेतृत्व उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रहा है। यह स्थिति न केवल पार्टी अनुशासन बल्कि उसके सुशासन के दावे पर भी सवाल उठाती है।
कांग्रेस का अप्रत्यक्ष समर्थन?
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान यह भी खबर सामने आई कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस आंदोलन को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन दिया है। हालांकि कांग्रेस ने इसे जनता के मुद्दों के प्रति समर्थन बताया है, लेकिन यह भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से असहज स्थिति पैदा कर रहा है।
घरघोड़ा में चोरों का आतंक
भाजपा सरकार में बढ़ी चोरी के विरोध में लोग पहुंचे थाने
