रायगढ। शहर में दुर्गा पूजा पूरी आस्था के साथ मनाया गया। दशमी से शहर के पंडालों में विराजमान दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया। नगर निगम ने विजयपुर और टुर्कूमुड़ा तालाब को प्रतिमा विसर्जन के लिए चिन्हित किया था। ऐसे में यहां निगम द्वारा व्यवस्था भी की गई, लेकिन विसर्जन के बाद भी विजयपुर तालाब में प्रतिमा के कई अवशेष पड़े हुए हैं।
बताया जा रहा है कि शुरू में तो नगर निगम द्वारा तालाब से प्रतिमा के अवशेषों को निकाल लिया गया, लेकिन बाद में विसर्जन किए गए प्रतिमाओं को तालाब से उठाने के लिए कोई नहीं आए। इससे अब भी कई प्रतिमा के अवशेष यहां तालाब किनारे और अंदर पड़े हुए हैं।
तालाब की साफ-सफाई तक नहीं
रहवासियों ने बताया कि तालाब की साफ-सफाई भी लंबे समय से नहीं की गई है। ऐसे में तालाब में जलकुंभी और कचरे आसानी से देखे जा सकते हैं। जबकि विजयपुर तालाब में आसपास के लोग निस्तारी के लिए इसका उपयोग करते हैं, पर कई बार यहां की गंदगी के कारण लोगों को वापस जाना पड़ता है।
अधिकारी बोले- हो सकता है बाद में विसर्जन किया हो
इस संबंध में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी शिव यादव ने बताया कि विसर्जन के दो दिनों तक सभी अवशेषों को निकाला गया है। हो सकता है कि बाद में ग्रामीण क्षेत्र से या आसपास से कोई विसर्जन किया होगा और वही उठ नहीं पाया है। उसे तत्काल तालाब से हटा देंगे।
तालाब में प्रतिमा विसर्जन के बाद नहीं हुई सफाई
अब भी पानी में मूर्तियों के अवशेष, जलकुंभी और कचरे से लोग परेशान
