सारंगढ़। जिले के गोमर्डा अभ्यारण्य में अवैध शिकार का मामला सामने आया है। शिकारियों ने शिकारी कुत्तों की मदद से जंगली सूअर का शिकार कर मांस आपस में बांट लिया। वन अमले ने एक शिकारी को पकड़ लिया है। जबकि तीन आरोपियों की तलाश जारी है। दरअसल, गोमर्डा अभ्यारण्य में कई तरह के वन्यप्राणी विचरण करते हैं। ऐसे में शनिवार को टमटोरा निवासी शिव कुमार बरिहा (35), उसका साथी मुनू बैगा, सूखलाल बरिहा और उत्तम बरिहा अपने शिकारी कुत्तों को लेकर अभ्यारण्य में शिकार करने पहुंच गए।
कुत्तों ने सारंगढ़ गोमर्डा के जंगल में एक जंगली सुअर को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद चारों ने मिलकर उसे कुल्हाड़ी से काटकर चार हिस्सा कर आपास में बंटवारा कर लिया। उसे लेकर सभी अपने घर आ गए। शिवकुमार जब उसे पका रहा था, तभी इसकी भनक गोमर्डा अभ्यारण्य रेंजर को लग गई। उन्होंने अपनी टीम के साथ घर में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
बाकी शिकारी गांव से भागे
शिवकुमार ने पूछताछ में बताया कि, उसने अपने तीनों साथियों के साथ शिकार किया है। वनकर्मियों ने उनके घरों में दबिश दी, लेकिन सभी शिकारी भाग निकले थे। आरोपियों को पकडऩे के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकारी कुत्ते पर नजर
गोमर्डा अभ्यारण्य के रेंजर सुरेन्द्र अजय ने बताया कि, शिकारी कुत्तों को शिकारी जंगल ले जाते हैं। उनकी मदद से शिकार करते थे। ऐसे में उन पर भी नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को यह भी कहा जा रहा है कि अगर कोई कुत्ता लेकर जंगल जाता है, तो कार्रवाई की जाएगी। बाकी आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम बनाई जा रही है। शिवकुमार को रिमांड में जेल दाखिल कराया जा रहा है।
गोमर्डा अभ्यारण्य में जंगली सुअर का शिकार
जंगल में ही मांस का किया बंटवारा, एक पकड़ाया बाकी की तलाश जारी
