जगदलपुर। दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर मंगलवार (3 सितंबर) को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 9 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 6 महिला नक्सली शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों के शव और एसएलआर राइफल, 303 और 315 बोर राइफल, विस्फोटक बरामद किया है।
मुठभेड़ किरंदुल थाना क्षेत्र में बैलाडीला के जंगल में हुई। बताया जा रहा है कि करीब 13 घंटे तक मुठभेड़ चली है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है। ऑपरेशन में शामिल सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जनवरी से आज तक कुल 153 नक्सली मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
पुलिस की मानें तो दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला की पहाडिय़ों के नीचे पुरंगेल, लोहा गांव की तरफ पश्चिम बस्तर डिवीजन के माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों को रात में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। जवान जब नक्सलियों के कोर इलाके में घुसे तो नक्सलियों ने गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।
विस्फोटक के साथ पकड़े गए 13 नक्सली
बीजापुर जिले में भी पुलिस ने मंगलवार को 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सलियों से विस्फोटक, तीर-धनुष और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि, डीआरजी, पुलिस और कोबरा बटालियन 202 के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान तर्रेम क्षेत्र से इन्हें पकड़ा गया।
जवानों की बहादुरी को सलाम- सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, जब से भाजपा की सरकार बनी है, तब से सरकार नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है, हमारे जवान लड़ रहे हैं। हम अपने जवानों की बहादुरी को सलाम करते हैं। अभी 9 नक्सली मारे गए हैं। बहुत जल्द इस राज्य से नक्सलवाद का खात्मा हो जाएगा। वहीं डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, जवानों की भुजाओं की ताकत है, जिसके आगे पूरा बस्तर शांत होने वाला है।
सुरक्षाबलों ने 9 नक्सली को मार गिराया
9 वर्दीधारी माओवादियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद, दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर 13 घंटे चली मुठभेड़, बीजापुर में 13 नक्सली पकड़े गए
