रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 7 मई को लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और हम प्रदेश की सभी ग्यारह की ग्यारह सीटें जीतकर मोदी जी को दे रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी चौदह सीटें भाजपा को जिताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया।
सीएम साय ने कहा कि झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी जी और भाजपा सरकार आई तो यहाँ के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहाँ के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं। गठबंधन सरकार को घेरते हुए विष्णु देव साय ने कहा कि यहाँ की सरकार में मंत्री, कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के पीए के घर से करोड़ों रूपए निकलता है। कांग्रेस के एक सांसद धाीरज कुमार के यहां छापा पड़ता है तो उसके यहां से तीन सौ इक्यावन करोड़ रूपए घर से निकलता है। ये सारा जनता का पैसा है। ये पैसा विकास में नहीं लग रहा है, ये पैसा सडक़, बिजली, पानी के लिए नहीं लग रहा है बल्कि उन्होंने अपने एशो-आराम के लिए रखा है, जो उनके घर से मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और जेएमएम को चोर-चोर मौसेरे भाई बताते हुए जनता से उसे उखाड़ फेंकने की बात कही।
आदिवासियों की विरोधी जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की भी कोई कमी नहीं होती है। श्री साय ने कहा कि आज संथाल की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है।
ननिहाल पहुंचे साय
विष्णु देव साय ने सभा की शुरुआत में कहा कि आज वे अपने ननिहाल प्रदेश में आए हैं। झारखंड उनका ननिहाल है। झारखंड से छत्तीसगढ़ का रोटी-बेटी का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि खूंटी लोकसभा क्षेत्र के कुरडेग प्रखंड से उनकी माता जी आई हैं और वही उनका मामा गांव है। उनकी दादी माँ भी झारखंड की थीं। उनके सभी मामा भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड जुड़वा भाई हैं। उस समय के तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी ने छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड तीन राज्य बनाए थे। एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ बना और पंद्रह नवंबर 2000 को झारखंड बना। दोनों राज्य एक साथ पैदा हुए हैं।
झारखंड में गरजे सीएम विष्णुदेव साय
कहा-जेएमएस-कांग्रेस गठबंधन चोर-चोर मौसेरे भाई, छत्तीसगढ़ सहित झारखंड के सभी लोकसभा सीट जीत रही भाजपा
