रायपुर। छत्तीसगढ़ में रोहिंग्या मुसलमान और झीरम घाटी जांच को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने गृहमंत्री विजय शर्मा के बयान पर पलटवार कर कहा है कि भाजपा रोहिंग्या मुसलमानों की बड़ी चर्चा करती थी। अब उनकी ही सरकार है, खोज लें कहां हैं रोहिंग्या मुसलमान बघेल ने कहा कि पहले कहते थे कि रोहिंग्या मुसलमान रायपुर दक्षिण में आ गए हैं, सरगुजा में आ गए हैं। सरकार एक भी रोहिंग्या बता दें मैं चुनौती देता हूं। इसके अलावा उन्होंने झीरम जांच मामले में कहा कि विजय शर्मा कैसे किसी के गिरेबान में हाथ डाल सकते हैं। पुनर्वास नीति में नक्सलियों से सुझाव लेने को लेकर बघेल ने कहा मूर्खता पूर्ण बातें करते हैं। इतने साल में पुनर्वास नीति की बात कर रहे हैं। भाजपा शासनकाल में जो सरेंडर किए थे उन्हें मकान भी नहीं मिले। दंतेवाड़ा में हमने फ्लैट बनवाया, राज्यपाल और देवती कर्मा के साथ गए थे और कौन सी पुनर्वास नीति बनाएंगे?
भूपेश बघेल ने कहा कि विजय शर्मा पहले तय कर लें.. पहले कहा था कि नक्सलियों से टेलीफोन में बात करेंगे। प्रदेश को कभी बताया कि कितनी बार टेलीफोन में बात किए। नक्सलियों से मीटिंग करने के लिए आपने क्या प्रयास किया। अब सरेंडर नीति की बात कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में जाति प्रमाण पत्रों की जांच को लेकर बघेल ने कहा कि बीजेपी सरकार एसटी, एससी, ओबीसी विरोधी है। जब से बीजेपी सरकार बनी है जाति प्रमाण पत्र बनना ही बंद हो गए हैं। विजय शर्मा एक भी शिकायत बता दें, जांच किस आधार पर करेंगे। बीजेपी सरकार सिर्फ जांच के नाम पर गुमराह करना चाहती है।
शर्मा जी के सेवा में जुटा था प्रशासन
19 लोगों की मौत मामले में कहा कि शर्मा जी को बताना चाहिए। पूरा प्रशासन उनकी सेवा में जुटा था। घटनास्थल में 2 घंटे बाद प्रशासन पहुंचा। कुकदुर अस्पताल में स्टाफ नहीं थे। एक ही डॉक्टर था। पहले तो 15 लोगों की मौत हुई थी। 4 लोगों ने इलाज नहीं मिलने के कारण दम तोड़ा है। कुकदुर में 3 घंटे बिजली गुल थी। कैसे इलाज करेगा। सरकार बिजली उपलब्ध नहीं करा पाई। कवर्धा जिले में घट रही हैं। कवर्धा में रेप, मर्डर जैसे घटनाएं हो रही हैं। विजय शर्मा पहले अपना जिला संभाल लें, इसके बाद कोई बात कहें। विजय शर्मा को अपने जिले को सबसे पहले संभालना चाहिए।
झीरम घाटी हमले पर वार पलटवार
बता दें कि पत्रकारों ने गृहमंत्री विजय शर्मा से पूछा कि झीरम घाटी की 11वीं बरसी फिर आने वाली है, लेकिन पीडि़तों को न्याय नहीं मिला है। इस पर विजय शर्मा ने कहा था कि पिछले पांच साल तक तो भूपेश बघेल झीरम के सबूत जेब में लेकर घूम रहे थे। अब यह सबूत निकलवाने होंगे। इस पर भूपेश बघेल ने कहा कि वो कैसे किसी के गिरेबान में हाथ डाल सकते हैं। रोहिंग्या मुसलमान पर विजय शर्मा ने कहा कि गांव-गांव में आकर जो घुसपैठ कर रहे हैं, वह कौन हैं। उन्होंने कहा कि मुसलमान ही नहीं हर कोई जो घुसपैठ कर रहा है, वह गलत है, इस तरह की परिस्थियों को बदलने की कवायद गलत है। इससे स्थानीय लोगों को पीड़ा होती है।
भूपेश बोले- छग में एक भी रोहिंग्या मुसलमान ढूंढकर दिखाएं
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था गांव-गांव में जो घुसपैठ किए वह कौन हैं



