रायगढ़। बीती रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो जाने से तीन लोग घायल हो गए थे, जिससे उपचार के दौरान एक की मौत हो गई तो वहीं दो लोगों उपचार जारी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पोरडा निवासी साहनी राम राठिया पिता गाड़ा राम राठिया (55 वर्ष) गांव के ही बोर मिस्त्री संतराम राठिया के साथ काम करता था। ऐसे में साहनी राठिया और संतराम राठिया बोर का सामान खरीदने के लिए बुधवार शाम को अपनी बाइक से घरघोड़ा आए हुए थे। जहां सामान खरीदी के बाद शाम करीब 7.30 बजे दोनो बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान रूमकेरा और पोरड़ा के बीच पहुंचे ही थे कि सामने से बाइक चालक तेज गति से आ रहा था। जिससे दोनों की बाइक आमने-सामने टक्करा गई।
इस हादसे में तीनों सडक़ में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रात करीब 8 बजे घटना की सूचना मिलने पर साहनी और संतराम के परिजन मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस के माध्यम से तीनों घायलों को उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बाइक चालक की स्थिति सामान्य होने से उसका उपचार वहीं पर शुरू किया, साथ ही साहनी और संतराम की स्थिति गंभीर होने पर दोनों को रायगढ़ रेफर किया गया, जिससे रात करीब 10 बजे के आसपास मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान गुरुवार सुबह करीब 8 बजे साहनीराम राठिया की मौत हो गई। वहीं संतराम का एक पैर टूट जाने व अन्य जगह गंभीर चोट लगने के कारण उसका उपचार जारी है। वहीं गुरुवार को अस्पताल से भेजी गई तहरीर पर चक्रधरनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मर्ग डायरी संबंधित थाना भेजने की तैयारी चल रही है।
दो बाइक में टक्कर, एक की मौत, दो घायल
घायलों का अलग-अलग अस्पताल में चल रहा उपचार
