रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की नगर इकाई रायगढ़ द्वारा 29 सितंबर 2026 को नगर की युवतियों एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास, वैचारिक प्रबोधन और सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘तेजस्विनी’ युवती सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से 1500 से अधिक युवतियों और महिलाओं की उपस्थिति रहेगी। सम्मेलन का नेतृत्व जिला छात्रा प्रमुख राखी बोहिदार करेंगी।
अभाविप की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी शक्ति की भूमिका को प्रभावी और सशक्त बनाने के साथ युवतियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा बोध और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम को ‘तेजस्विनी’ नाम दिया गया है और इसमें युवतियों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न विषयों पर वैचारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
सम्मेलन में ‘पंच परिवर्तन’ को प्रमुख विचार-बिंदु के रूप में रखा गया है। इसके तहत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य को समाज परिवर्तन के पांच मूलभूत स्तंभों के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन के माध्यम से इन विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवतियों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवती एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। आयोजकों के अनुसार युवतियों में नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ सुरक्षा बोध तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति चेतना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए प्रबुद्ध वक्ताओं के माध्यम से मार्गदर्शन और वैचारिक सत्र आयोजित किए जाने की रूपरेखा तैयार की गई है। सम्मेलन की शुरुआत नटवर स्कूल मैदान से होगी। सुबह 11 बजे यहां सम्मेलन में शामिल होने वाली युवतियों और महिलाओं का एकत्रीकरण होगा। इसके बाद नटवर स्कूल परिसर से अनुशासित एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार शोभायात्रा नगर के प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों से होते हुए नगर निगम ऑडिटोरियम पहुंचेगी।
शोभायात्रा के नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान विभिन्न स्थानों पर उसके स्वागत की भी रूपरेखा है। इसके बाद शोभायात्रा नगर निगम ऑडिटोरियम पहुंचकर सभा और वैचारिक सत्र में परिवर्तित होगी। यहां युवतियों और महिलाओं की सहभागिता के साथ सम्मेलन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभाविप की नगर इकाई के अनुसार सम्मेलन के माध्यम से युवतियों को सामाजिक सहभागिता, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में पंच परिवर्तन के पांच विषयों को केंद्र में रखते हुए सामाजिक जीवन में युवतियों और महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों ने नगर की छात्राओं, युवतियों, प्रबुद्ध महिलाओं और आम नागरिकों से सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया है। अभाविप की ओर से इसे युवतियों और महिलाओं की सहभागिता पर केंद्रित कार्यक्रम बताया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। 29 सितंबर को होने वाले ‘तेजस्विनी’ सम्मेलन के लिए नटवर स्कूल मैदान से नगर निगम ऑडिटोरियम तक शोभायात्रा का मार्ग तय किया गया है। इसके बाद नगर निगम ऑडिटोरियम में सभा और वैचारिक सत्र के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
29 सितंबर को नगर निगम ऑडिटोरियम में होगा भव्य युवती सम्मेलन ‘तेजस्विनी’



