रायगढ़। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष असलम हुसैन ने मरहूम अम्मा की याद में बेलादुला मुस्लिम कब्रिस्तान परिसर में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर पौधा लगाकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस पहल का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि किसी अपने की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे सुंदर माध्यम प्रकृति की सेवा हो सकती है। आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में वृक्ष का रूप लेकर छाया, हरियाली और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेगा। इस तरह यह पौधा मरहूम अम्मा की स्मृति को लंबे समय तक जीवंत रखने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान जामा मस्जिद सदर आवेश खान, हाजी शेख कलीमुल्लाह वारसी अध्यक्ष गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन, हाजी शेख मुबास्सिर हुसैन, छत्तीसगढ़ हज कमेटी सदस्य गुलाम रहमान, पार्षद नवाब खान नब्बु, शमशीर खान, सैयद तनवीर, शब्बीर खान मन्नू,शेख यावर हुसैन आदि उपस्थित थे सामाजिक सेवा, जरूरतमंदों की सहायता तथा समाजहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहनीय बताया।
इस अवसर पर कहा गया कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। लगातार घटती हरियाली और बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना आवश्यक है। धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों पर पौधरोपण से न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष असलम हुसैन की मरहूम अम्मा की स्मृति में लगाया गया यह पौधा श्रद्धा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संगम का प्रतीक बना। उपस्थित लोगों ने पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि पौधा लगाना तभी सार्थक है, जब उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों ने इस पहल को समाज के लिए सकारात्मक संदेश बताते हुए कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता देना आज की आवश्यकता है। ऐसे प्रयास समाज में आपसी भाईचारे, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
शेख कलीमुल्लाह का आभार
इस अवसर पर गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन के अध्यक्ष हाजी शेख कलीमुल्लाह वारसी का विशेष रूप से शुक्रिया अदा किया गया। सबके सहयोग एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा गया कि समाजहित में किए जाने वाले ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहने चाहिए।



