कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुसपाल क्षेत्र के जंगलों में नक्सल डंप मिला है. जवानों ने कार्रवाई के दौरान पिस्टल, बारूद, वायर, वॉकी-टॉकी समेत अन्य सामग्री बरामद किया है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर तत्काल तस्दीक कार्रवाई की गई. इसके तहत रविवार को नक्सल सेल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और बीडीएस की संयुक्त टीम थाना मर्दापाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरमेल के पुसपाल मोखामारी जंगल और आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में रवाना हुई। अभियान के दौरान ग्राम पुसपाल मोखामारी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षापूर्वक डी-माइनिंग और सर्चिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक 9 एमएम पिस्टल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की. बरामद सामग्री में 10 किलोग्राम का टिफिन आईईडी भी शामिल था. सुरक्षा के दृष्टिगत बीडीएस टीम ने मौके पर ही टिफिन आईईडी को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया. बरामद अन्य सामग्री को भी सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया है।



