रायगढ़। श्री श्याम बगीची इन दिनों वृंदावन की अलौकिक छटा बिखेर रही है। 28वें ऐतिहासिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी झूला महोत्सव में श्रद्धा का ऐसा सैलाब आया है कि हर ओर बस ‘बांके बिहारी लाल की जय’ और -‘श्याम बाबा की जय’ के गगनभेदी स्वर गूंज रहे हैं। यह पंचदिवसीय आस्था का मेला 6 सितंबर तक भक्तों को भाव-विभोर करता रहेगा। महोत्सव के आज चौथे दिन भी हजारों से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन दर्शन कर जीवन धन्य किया।
श्री श्याम बगीची का दृश्य देखते ही बनता है। कोलकाता के सिद्धहस्त कारीगरों द्वारा गूंथे गए रंग-बिरंगे पुष्पों से सजा भव्य फूल बंगला ऐसा लग रहा है मानो इंद्र का उपवन धरती पर उतर आया हो। वहीं दुर्ग-अंजोरा के कलाकारों की जादुई उंगलियों से बनी स्वचालित झांकियां, जो चलती-फिरती और बोलती सी प्रतीत होती हैं, भक्तों को न केवल लुभा रही हैं बल्कि जीवन का गूढ़ संदेश भी दे रही हैं।
की गई है शानदार व्यवस्था
श्री श्याम मंडल ने श्रद्धालुओं के लिए 12 हजार वर्गफुट का विशाल वाटरप्रूफ पंडाल सजाया है। उमस और भीड़ से राहत हेतु शीतल फागिंग फव्वारों की व्यवस्था है। सुरक्षा ऐसी चाक-चौबंद कि हर भक्त निश्चिंत होकर दर्शन कर सके – जगह-जगह बैरिकेट्स, पैनी नजर रखते हाईटेक सीसीटीवी, मुस्तैद सुरक्षा गार्ड और पुलिस-ट्रैफिक के जवान।
वित्त मंत्री ओ.पी भी हुए शामिल
अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेंध्रा ने बताया कि 4 सितंबर की अर्द्धरात्रि वह पल आया जिसका सबको इंतजार था। मधुर भजन, ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच जब श्रीकृष्ण जन्म की घोषणा हुई तो पूरा परिसर झूम उठा। लड्डू गोपाल को 56 भोग और माखन-मिश्री का दिव्य भोग लगाया गया। महाआरती के साथ ही आकाश से हुई पुष्प वर्षा ने दृश्य को और भी अलौकिक बना दिया। तत्पश्चात विशाल महाभंडारे में हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस पावन बेला पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और एसएसपी शशि मोहन सिंह भी शीश नवाने पहुंचे।



