रायगढ़। छत्तीसगढ़ के पत्रकारिता जगत ने एक बेबाक, निडर और सहज व्यक्तित्व वाले वरिष्ठ पत्रकार को खो दिया। पत्थलगांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का सोमवार सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता जगत सहित जशपुर और पूरे छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन को पत्रकारिता के क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
रमेश शर्मा का व्यक्तित्व जितना सरल और सहज था, उनकी कलम उतनी ही पैनी, निर्भीक और प्रभावशाली थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन पत्रकारिता और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समर्पित कर दिया। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने अनेक प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में सेवाएं दीं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत अमृत संदेश से की। इसके बाद देशबंधु, दैनिक भास्कर, पीटीआई, यूनिवार्ता और आईबीसी-24 जैसे संस्थानों से जुड़े रहे।
उनके निधन पर पत्रकार संगठनों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष हेमंत थवाईत, सचिव नवीन शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अनिल रतेरिया, नरेश शर्मा, संजय बोहिदार, विनय पाण्डेय, अभिषेक उपाध्याय, मोहसिन खान और उपेन्द्र डनसेना ने रमेश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
वरिष्ठ पत्रकार नरेश शर्मा ने कहा कि, रमेश शर्मा के निधन से जशपुर ने अपनी एक बुलंद आवाज, पत्थलगांव ने अपना सजग प्रहरी और छत्तीसगढ़ ने एक बेबाक एवं सच्चा कलमकार खो दिया है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। रमेश शर्मा की निर्भीक लेखनी, सहज व्यवहार और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता हमेशा पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उनके निधन से पैदा हुई रिक्तता को भर पाना आसान नहीं होगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहने की शक्ति दें।
वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा के निधन पर प्रेस क्लब ने जताया शोक



