रायगढ़। राइजिंग किड्स इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, कुसमुरा में छात्र नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से ओथ सेरेमनी (शपथ ग्रहण समारोह) का भव्य आयोजन आज छह अगस्त को किया गया। समारोह में विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र परिषद, हाउस कैप्टन एवं अन्य छात्र प्रतिनिधियों ने अपने पद एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के छात्र प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने, सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा विद्यालय एवं समाज का गौरव बढ़ाने का संकल्प लिया।
जिम्मेदारी का प्रतीक है नेतृत्व
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अनुषा कतोरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। एक अच्छा नेता वही होता है जो स्वयं अनुशासित रहकर दूसरों के लिए प्रेरणा बने। आप सभी अपने व्यवहार, परिश्रम और सेवा-भाव से विद्यालय का नाम रोशन करें तथा एक आदर्श नागरिक बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, ईमानदारी, टीम भावना एवं सेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई। राइजिंग किड्स स्कूल द्वारा आयोजित यह ओथ सेरेमनी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।



