रायगढ़। लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर कार से 13.24 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-10 कार में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम गठित कर कटकलिया-फोकटपारा तिराहे पर नाकेबंदी कराई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोडक़र भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24) निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 13 पैकेट में 26.484 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपए आंकी गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तस्कर से 13 लाख का गांजा जब्त



