लैलूंगा। संत शिरोमणि सतगुरु कबीर साहेब के 629वें प्राकट्य दिवस के पावन अवसर पर मानिकपुरी पनिका समाज राठक्षेत्र लैलूंगा के तत्वावधान में रविवार को विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के युवा, महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों सहित सभी वर्गों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति, अनुशासन और सामाजिक एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: जुनाडीह स्थित कबीर भवन में विधिवत पूजा-अर्चना एवं सतगुरु कबीर साहेब के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात लगभग सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ में विराजमान सतगुरु कबीर साहेब की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालु ‘साहेब बंदगी साहेब’ एवं ‘सतगुरु कबीर साहेब अमर रहें’ के जयघोष से पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा अनुशासित एवं कतारबद्ध ढंग से मुख्य मार्ग पर निकली। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यात्रा अटल चौक, अग्रसेन चौक, गांधी चौक एवं कबीर चौक पहुंची तथा नगर भ्रमण के बाद पुन: कबीर भवन, जुनाडीह में संपन्न हुई। तथा कबीर साहेब के संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन में केवल लैलूंगा ही नहीं, बल्कि आसपास के अनेक गांवों से भी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। केराबाहर, केशला, खम्हार, झरन, गमेंकेला, बेस्कीमुड़ा, कमरगा एवं कुंजू सहित विभिन्न ग्रामों से पहुंचे सामाजिक जनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए समाज की एकजुटता और संगठन की शक्ति का परिचय दिया। विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को नई ऊर्जा प्रदान की। शोभायात्रा के समापन उपरांत कबीर चौक के समीप विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने प्रसाद ग्रहण कर सतगुरु कबीर साहेब का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान सामाजिक समरसता, भाईचारे और सेवा भावना की अनूठी मिसाल देखने को मिली।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मानिकपुरी पनिका समाज राठक्षेत्र लैलूंगा के अध्यक्ष बज्रदास महंत ने आयोजन को सफल बनाने वाले समाज के सभी पदाधिकारियों, युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों, ग्रामों से पधारे सामाजिक बंधुओं, स्वयंसेवकों, सहयोगकर्ताओं तथा नगरवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सतगुरु कबीर साहेब के सत्य, प्रेम, समानता, मानवता और सद्भाव के संदेश आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत करना चाहिए। भव्य शोभायात्रा और महाभंडारे के सफल आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि मानिकपुरी पनिका समाज अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता को निरंतर सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पूरे आयोजन ने लैलूंगा नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया और श्रद्धालुओं के मन में सतगुरु कबीर साहेब के प्रति अटूट श्रद्धा एवं आस्था का भाव और अधिक प्रगाढ़ हो गया।
629वें कबीर साहेब प्राकट्य दिवस पर निकली भव्य शोभायात्रा
लैलूंगा में श्रद्धा और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम



