बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं 02-03 पर ‘कोकोनट केफे जंक्शन’ (नारियल पानी स्टॉल) का शुभारंभ किया गया है। इस पहल से यात्रियों को यात्रा के दौरान प्राकृतिक, ताज़ा एवं ऊर्जा प्रदान करने वाला पेय (नारियल पानी) सहज रूप से उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हे हर मौसम में बेहतर स्वास्थ्यवर्धक पेय की सुविधा प्राप्त होगी। इसका विधिवत शुभारंभ आज 26 जून 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री एस. भारतीयन की उपस्थिति में एक बालिका यात्री के करकमलों द्वारा कराया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षकगण, कर्मचारीगण एवं यात्रीगण उपस्थित रहे।
शुभारंभ के दौरान यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी कदम बताया। यात्रियों ने कहा कि स्टेशन पर प्राकृतिक एवं ताज़ा पेय अर्थात नारियल पानी उपलब्ध होने से उन्हें स्वस्थ विकल्प मिलेगा तथा यात्रा के दौरान ताजगी और ऊर्जा बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों के बेहतर स्वास्थ्य तथा प्राकृतिक एवं पौष्टिक पेय पदार्थों को प्राथमिकता देने की सोच के साथ बिलासपुर स्टेशन पर ‘कोकोनट केफे जंक्शन’ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नारियल पानी एक प्राकृतिक ऊर्जा पेय है, जिसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम, सोडियम एवं अन्य आवश्यक इलेक्ट्रोलाइट्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर में पानी की कमी को दूर करने, थकान कम करने, शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करने तथा डिहाइड्रेशन से बचाने में अत्यंत लाभकारी है। इसके साथ ही यह कम कैलोरी वाला, वसा रहित एवं प्राकृतिक पेय होने के कारण सभी आयु वर्ग के यात्रियों के लिए स्वास्थ्यवर्धक विकल्प है। भविष्य में भी यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसी जनहितकारी एवं नवाचार आधारित सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
यात्रियों के स्वास्थ्य हेतु ताज़ा पेय उपलब्ध कराने की अभिनव पहल
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्यवर्धक ‘कोकोनट केफे जंक्शन’ का शुभारंभ



