रायगढ़। जिले में मेला देखने निकले बाईक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रेक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपी ट्रेक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार गोपी कुमार धोबी ने छाल थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया है कि उसका छोटा भाई कृष्णा कुमार धोबी अपने दोस्त रामचरण निषाद के साथ मोटर सायकल क्रमांक सीजी 13 बीके 6075 में सवार होकर मेला देखने के लिये हाटी गया हुआ था। इसी बीच कल शाम करीब 7 बजे उन्हें सूचना मिली कि कृष्णा कुमार धोबी का हाटी-कोरबा रोड़ में स्थित पेट्रोल पंप के पास नयाडीह निवासी उदय राठिया के ईट भ_ा के ट्रेक्टर चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया है।
गोपी कुमार धोबी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जब वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा तो देखा कि लहुलूहान अवस्था में उसका छोटा भाई के अलावा उसका दोस्त रामचरण घायल अवस्था में पड़े हुए थे। जिसके बाद घायलों को डायल 112 की मदद से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र छाल ले जाया गया, जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही कृष्णा कुमार को मृत घोषित कर दिया वहीं उसके साथी के गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल रिफर कर दिया गया है। गोपी कुमार धोबी की रिपोर्ट के बाद छाल पुलिस ने ट्रेक्टर चालक के खिलाफ धारा 106(1) 125(ए) 281 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत
दूसरे की हालत गंभीर, मेला देखने जाने के दौरान हुआ हादसा



