जशपुरनगर। पत्थलगांव तहसीलदार से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत गाला के संजयपारा एवं गोपीपारा के ग्रामीणों द्वारा ग्राम गाला निवासी जागेश्वर पिता कार्तिका के विरुद्ध शिवपुर नाला क्षेत्र में किए जा रहे अतिक्रमण के कारण मरघट तक पहुंचने वाले मार्ग में बाधा उत्पन्न होने संबंधी शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव को प्रस्तुत की गई थी। शिकायत प्राप्त होने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशानुसार राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी को मामले की त्वरित जांच के लिए मौके पर भेजा गया। जांच दल ने 4 एवं 5 जून 2026 को ग्राम पंचायत गाला पहुंचकर संजयपारा एवं गोपीपारा के ग्रामीणों, अनावेदक जागेश्वर, ग्राम कोटवार की उपस्थिति में जांच की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम गाला स्थित खसरा नंबर 656, मद पानी के नीचे (शिवपुर-गाला नाला) की भूमि पर अनावेदक द्वारा अनाधिकृत कब्जे की नियत से लगभग 15 मीटर चौड़ाई में मिट्टी डाली गई थी। राजस्व अमले द्वारा मौके पर भूमि का नाप-जोख कर संबंधित क्षेत्र को चिन्हित किया गया तथा ग्रामीणों को स्थिति से अवगत कराया गया। इसके पश्चात नाले की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसका कब्जा ग्राम पंचायत गाला की सरपंच को सौंप दिया गया। प्रशासन द्वारा शिकायत का निराकरण करते हुए प्रकरण का सफलतापूर्वक निपटारा कर लिया गया है।
शिवपुर नाला अतिक्रमण प्रकरण का हुआ निराकरण, ग्राम पंचायत को सौंपा गया कब्जा



