रायगढ़। ‘पत्रकारिता और गौरव मार्तंड उत्सव’ में रायगढ़ विधायक एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत को नई दिशा देने, समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और आने वाली पीढ़ी को सही मार्ग दिखाने का दायित्व भी पत्रकारिता के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि आदरणीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पहली बार सरकार के बजट से पत्रकार साथियों के भ्रमण का स्पष्ट प्रावधान किया गया है।. यह ऐतिहासिक कदम मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर उठाया गया है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पत्रकार साथियों से निवेदन किया, आप अपने समय की सच्चाई को निष्पक्ष तरीके से लिखते हैं, वह कार्य जारी रखें. लेकिन दुनिया में जो ‘नैरेटिव की लड़ाई’ चल रही है, उसमें भारत को मजबूत बनाने, भारत को दिशा देने और आने वाली पीढ़ी में पैदा हो रही नई चेतना को सकारात्मक दिशा देने के लिए भी कार्य करें. यह बहुत बड़ा और अहम दायित्व है। उन्होंने बताया कि आदरणीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले वर्ष पहली बार बजट से प्रेस क्लब के लिए 1 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई थी. अब पत्रकार साथियों के भ्रमण का प्रावधान कर उन्हें जमीनी सच्चाई भारत के सामने रखने का अवसर दिया गया है।



