रायपुर। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने घरेलू झगड़े के दौरान कपड़े से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा किया। आरोपी पति का नाम पुलिस द्वारा ललित कुमार साहू उर्फ विक्की बताया जा रहा है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, 28 अप्रैल 2026 को रवि बुंदेल नामक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि छुईया तालाब के पास किराए के मकान में रहने वाली पार्वती साहू घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का माना जा रहा था, लेकिन 8 मई को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने गला घोंटने से दम घुटने को मौत की वजह बताया। इसके बाद थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिचितों, मकान मालिक और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन मृतका के पति ललित कुमार साहू उर्फ विक्की को आखिरी बार घर में देखा गया था।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि पार्वती साहू उसकी पत्नी थी और दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने कपड़े से पत्नी का गला घोंट दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी ललित साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से मृतका का मोबाइल भी जब्त किया गया है। आरोपी मूल रूप से महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र का रहने वाला है।
पत्नी की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी



