रायपुर। छत्तीसगढ़ 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। टॉप 3 में महासमुंद जिले की 2 लड़कियों ने 99 प्रतिशत के साथ टॉप किया है। इनमें एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की संध्या नायक और एकलव्य स्कूल बलौदा की परीरानी प्रधान शामिल है। तीसरे नंबर पर मुंगेली के अंशुल शर्मा है, इन्होंने भी 99 प्रतिशत लाया है।
संध्या किसान परिवार से आती है, रिजल्ट जारी होने के बाद उन्होंने भविष्य में डिप्टी कलेक्टर बनने की बात कही। अंशुल के पिता इंश्योरेंस एडवाइजर, उन्होंने 11वीं में मैथ्स लेकर जेई की तैयारी करने की बात कही। परीरानी प्रधान ने डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने की इच्छा जताई।
बता दें कि इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 3 लाख 21 हजार स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था, इनमें 77.15 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए हैं। 42 स्टूडेंट्स मेरिट में आए हैं, इनमें 26 लड़कियां शामिल हैं। राज्य सरकार ने टॉपर्स को डेढ़ लाख देने का ऐलान किया है।
कोरिया जिले की छात्रा अंशिका कश्यप ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है। छात्रा की इस उपलब्धि पर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी स्वयं उनके घर पहुंची और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
रिया केशरवानी का कहना है कि वो रटने से ज्यादा समझने पर फोकस करती थी। रेगुलर पढ़ाई करती थी। उन्होंने कहा कि हमारे गवर्मेंट स्कूल में बहुत अच्छे टीचर हैं। मम्मी पापा ने भी पूरा सपोर्ट किया। मैं डॉक्टर बनना चाहती हूं, इसके लिए बायो सबजेक्ट लेकर आगे की पढ़ाई करुंगी।
बिलासपुर चकरभाटा स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल की छात्रा नैनसी ठाकुर ने टॉप 10 में जगह बनाई है। उन्होंने 97.05 अंक हासिल किया है, नैनसी अब गणित विषय लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहती हैं। दीपांशी बौद्ध ने कहा कि वे बड़ी होकर साइकेट्रिस्ट बनना चाहती है, और अपने ड्रीम को हासिल करने लगातार मेहनत कर रही है। दीपांशी बौद्ध 98.83 प्रतिशत के साथ सेकेंड पॉजीशन पर है। वह गरियाबंद जिले के सडक़ पर सूली की रहने वाली है। रायपुर गुढिय़ारी स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। महासमुंद जिले के बलौदा गांव की परीरानी प्रधान ने 99 प्रतिशत के साल पूरे प्रदेश में टॉप किया है। परीरानी ने बताया कि वो डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहती हैं। उनके पिता सुशील प्रधान ट्रैक्टर पार्ट्स का दुकान चलाते हैं।
टॉप 10 में शामिल रायपुर के आदित्य बसु का 98.5 प्रतिशत के साथ चौथा रैंक है। आदित्य ने कहा कि मुझे खुशी हो रही, मुझसे ज्यादा टीचर और पेरेंट्स को खुशी हुई। दुर्ग प्रयास स्कूल के साहिल बरेट ने 10वीं में 98.50 प्रतिशत लाया है। उन्हें कुल 591 नंबर मिले। प्रदेश में टॉप 10 में शामिल होने के साथ साथ वे 4थीं रैंक पर है। 10वीं में जांजगीर विवेकानंद स्कूल के छात्र नैतिक गौतम ने 98 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में 7वां स्थान और लोकेश राठौर ने 97.67 प्रतिशत के साथ 9वां स्थान प्राप्त किया।
10वीं टॉपर संध्या नायक ने कहा – मैं रोजाना 3 घंटे की सेल्फ स्टडी करती थी। रिजल्ट से घर वाले और टीचर्स काफी खुश है। लगातार बधाई देने मुझे फोन आ रहे हैं। मैं आगे चलकर सीजी पीएससी की तैयारी करुंगी। डिप्टी कलेक्टर बनना चाहती हूं।
हायर सेकेंडरी में 83. 04 फीसदी रहा रिजल्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी हो गए हैं। कुल 83.04 प्रतिशत स्टूडेंट्स पास हुए हैं। टॉप 10 मेरिट लिस्ट में 43 स्टूडेंट्स के नाम हैं। इसमें 33 लड़कियां हैं। बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने टॉप किया है। जिज्ञासु ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
वहीं बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल की छात्रा ओमनी वर्मा ने 98.20 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर रायगढ़ जिले के गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल छाल के छात्र कृष महंत रहे, जिन्होंने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
साय सरकार ने टॉपर्स को 1.5 लाख देने का ऐलान किया है। टॉपर जिज्ञासु वर्मा इंजीनियर बनना चाहते हैं। उनके पिता किराना दुकान चलाते हैं। 8वीं रैंक लाने वाली हिमशिखा गुप्ता ने कहा कि स्कूल के अलावा यूट्यूब और चैट जीपीटी से पढ़ाई की है। 12वीं परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 86.04 प्रतिशत रिजल्ट हासिल किया, जबकि लडक़ों का परिणाम 78.86 प्रतिशत रहा। करीब 2.44 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से लगभग 2.02 लाख छात्र-छात्राएं पास हुए।
खरोरा, रायपुर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय की छात्रा हेमलता साहू ने 12वीं टॉप-10 सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 500 में से 487 अंक हासिल किए हैं। हेमलता ग्राम नहरडीह की निवासी हैं। उनके पिता भेखलाल साहू ग्राम पंचायत नहरडीह के पूर्व सरपंच और किसान हैं, जबकि माता भानूलता साहू गृहणी हैं। हेमलता ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने बधाई दी। जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने भी हेमलता को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष पूरन साहू और सरपंच अनिल कुमार सायतोड़े ने हेमलता से उपहार के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने कहा, ‘हमारे क्षेत्र से शराब भट्टी हटाया जाए, यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।’
कोंडागांव के केशकाल पीएम श्री आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा सालेहा पारेख ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक अर्जित कर जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है।
बलौदाबाजार जिले के छोटे से गांव कटगी के नितेश देवांगन ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की प्रदेश मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल किया है। कपड़े बुनने वाले साधारण परिवार से आने वाले नितेश की इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है। जैसे ही मेरिट सूची में उनका नाम आने की खबर मिली, परिवार की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
गरियाबंद जिले की बेटियों ने इस बार 12वीं बोर्ड परीक्षा में नया इतिहास रच दिया है। पहली बार जिले से 12वीं की मेरिट सूची में चार विद्यार्थियों ने जगह बनाई हैं। छुरा की महक सचदेवा ने 97 प्रतिशत अंक के साथ 7वां स्थान हासिल किया, जबकि कौंदकेरा की तनीशा ने 96.80 प्रतिशत के साथ 8वीं रैंक प्राप्त की। वहीं रावणसिंघी की विद्यारानी और राजिम की प्रेमीन सोनकर ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाई। 10वीं बोर्ड में भी जिले की बेटी दीपांशी बौद्ध ने दूसरा स्थान हासिल किया है। डीईओ जगजीत सिंह धीर ने टॉपर छात्राओं के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और कहा कि बेटियों ने जिले को नई पहचान दिलाई है। रायपुर श्रीनगर डेजल पब्लिक स्कूल की छात्रा आफिया खातून ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में प्रदेश की मेरिट सूची में 9वां स्थान हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। आफिया के पिता मोहम्मद अनवर मोटर मैकेनिक हैं। साधारण परिवार से आने वाली आफिया ने बिना किसी कोचिंग के केवल स्कूल और ऑनलाइन पढ़ाई के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। कक्षा 12वीं टॉप टेन में महेन्द्रसिंह मेमोरियल स्कूल नंदेली (रायगढ़) की छात्रा शीतल साहू ने 8वां स्थान हासिल किया है। महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक की शहनाज परवीन ने 12वीं में 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। शहनाज के पिता और भाई का कार वॉशिंग सेंटर है। वह आगे चलकर पीएससी की तैयारी करना चाहती हैं और आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं।
डॉक्टर बनना चाहती हैं जशपुर की आशा
जशपुर जिले के कुनकुरी की छात्रा आशा यादव ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। आशा इस समय बिलासपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रही हैं। उनका सपना डॉक्टर बनकर गांवों में जरूरतमंद लोगों का मुफ्त इलाज करना है। छत्तीसगढ़ 12वीं परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल करने वाले कृष सिविल सर्विसेज में जाना चाहते हैं। वे रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं।
जांजगीर-चांपा की खुशबू ने टॉप-10 में बनाई जगह
छत्तीसगढ़ 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में जांजगीर-चांपा जिले की छात्रा खुशबू देवांगन ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। सरस्वती शिशु मंदिर चांपा की छात्रा खुशबू इस वर्ष जांजगीर-चांपा जिले से टॉप-10 में शामिल होने वाली एकमात्र छात्रा हैं। खुशबू के पिता महेंद्र देवांगन और माता रेणुका देवांगन हैं। वे एक साधारण बुनकर परिवार से संबंध रखती हैं।
धमतरी जिले के गौरव ग्राम कंडेल की छात्रा कुसुमलता बिप्रे ने 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कंडेल की कॉमर्स संकाय की छात्रा कुसुमलता ने 97.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनके पिता संतोष बिप्रे छुरा की दुरला सोसायटी में सेलिंग का कार्य करते हैं, जबकि माता पावन गंगा बिप्रे गृहिणी हैं। मूल रूप से गरियाबंद जिले के छुरा की निवासी कुसुमलता अपने नाना के घर कंडेल में रहकर पढ़ाई कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने घोषित किए 10वीं-12वीं के परिणाम
रायगढ़ के 8 विद्यार्थियों ने प्रदेश टॉप-10 में बनाई जगह, कक्षा 12वीं में 83.45 प्रतिशत और कक्षा 10वीं में 80.06 प्रतिशत छात्र-छात्राएं हुए उत्तीर्ण
रायगढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आज कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। जिले से कक्षा 12 वीं में कुल 83.45 प्रतिशत और कक्षा 10 वीं में 80.06 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। वहीं प्रदेश स्तर पर टॉप-10 की सूची भी जारी की गई, जिसमें रायगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कक्षा 10वीं की मेरिट सूची में जिले के दो विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल महलोई (पुसौर) की गिरिजा प्रधान ने 600 में से 590 अंक प्राप्त कर 98.33 प्रतिशत के साथ पांचवां स्थान हासिल किया, वहीं पीएम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, घरघोड़ा के अहसान अली ने 600 में से 587 अंक प्राप्त कर 97.83 प्रतिशत के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं की टॉप-10 सूची में रायगढ़ जिले के 6 विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। गवर्नमेंट बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल, छाल के कृष महंत ने 500 में से 489 अंक प्राप्त कर 97.80 प्रतिशत के साथ टॉप-3 में स्थान बनाया। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, महापल्ली के लोकनाथ मेहर ने 486 अंक (97.20 प्रतिशत) के साथ टॉप-6 में स्थान प्राप्त किया। महेंद्र सिंह पटेल मेमोरियल आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल, नंदेली की शीतल साहू ने 484 अंक (96.80 प्रतिशत) के साथ टॉप-8 में स्थान बनाया। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, तरकेला की बबीता पटेल ने 483 अंक (96.60 प्रतिशत) के साथ टॉप-9 में स्थान प्राप्त किया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, खरसिया की लिसिका वर्मा ने 483 अंक (96.60 प्रतिशत) के साथ टॉप-9 में स्थान प्राप्त किया तथा प्रज्ञा हायर सेकेंडरी स्कूल, सोंडका की अंजली झा ने 482 अंक (96.40 प्रतिशत) के साथ टॉप-10 में अपनी जगह बनाई।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। कक्षा 12वीं (कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि, ललित कला एवं गृह विज्ञान) के लिए कुल 8,969 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था। इनमें से 8,914 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 8,855 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणामों में से 7,390 परीक्षार्थी सफल रहे। इस प्रकार कक्षा 12वीं का कुल परीक्षा परिणाम 83.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसी प्रकार हाई स्कूल (कक्षा 10वीं) की परीक्षा में कुल 12,238 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था। इनमें से 12,075 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 11,898 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणामों में से 9,526 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। कक्षा 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 80.06 प्रतिशत रहा। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सतत प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



