रायगढ़। कोरबा (रामपुर)।29 अप्रैल, 2026 छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आज कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष के परिणामों में बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के करतला विकासखंड के अंतर्गत ग्राम रामपुर की होनहार छात्रा प्रिया पटेल ने शानदार अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर अपने परिवार और रामपुर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
क्षेत्र में हर्ष का माहौल
प्रिया पटेल की इस उपलब्धि पर उनके निवास स्थान और विद्यालय में हर्ष का माहौल है। परिजनों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। प्रिया पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने प्रिया पटेल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
कठिन परिश्रम से अर्जित की सफलता
प्रिया पटेल (पिता-संतोष कुमार पटेल, माता- श्रीमती खेमबाई पटेल) ने अपनी बोर्ड परीक्षा में कुल 418 अंक प्राप्त किए हैं। कुल अंकों में 83.6प्रतिशत प्राप्त की है। छात्रा प्रिया पटेल ने शुरू से ही पढ़ाई के प्रति अनुशासित रुख अपनाते हुए प्रथम श्रेणी में स्थान सुनिश्चित किया। ग्रामीण परिवेश की चुनौतियों के बावजूद प्रिया की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी बाधा राह नहीं रोक सकती।
चार विषयों में विशेष योग्यता
प्रिया का परीक्षा परिणाम न केवल अंकों के लिहाज से बेहतर रहा, बल्कि उन्होंने विभिन्न विषयों में गहरी पकड़ का भी प्रदर्शन किया है। उन्होंने मुख्य पांच में से चार महत्वपूर्ण विषयों में ‘डिस्टिंक्शन’ अंक प्राप्त किए हैं। जिसमें टेलीकम्युनिकेशन- 92 अंक, इतिहास- 89अंक, हिंदी- 87 अंक, राजनीति विज्ञान- 79 अंक, हासिल की है। इसके अतिरिक्त अर्थशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों में भी उन्होंने सम्मानजनक अंक प्राप्त किए हैं। अपनी इस विशेष उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए प्रिया पटेल ने कहा यह परिणाम मेरी मेहनत और मेरे माता-पिता के अटूट विश्वास का फल है। ग्रामीण परिवेश में संसाधनों की कमी जरूर महसूस होती है, लेकिन मैंने कभी उसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। मैंने शुरू से ही नियमित पढ़ाई और रिवीजऩ पर ध्यान दिया। मेरा लक्ष्य भविष्य में पीएससी की तैयारी कर के प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने चाचा सुरेश पटेल (जिला मीडिया प्रभारी, प्रेस रिपोर्टर क्लब रायगढ़) एवं बड़े भाई मनीष पटेल के निरंतर प्रोत्साहन को देती हूँ।



