जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बिसबहरी गांव में आज सुबह उस उक्त सनसनी फैल गई जब कल शाम से लापता दो मासूम बच्चों का शव गांव के तालाब में तैरते हुए मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरा गांव मौके पर इक्कठा हुआ और उक्ताशय की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। मृतक बच्चों की पहचान गोल्डी टोप्पो (7 वर्ष) और अनीस टोप्पो (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शनिवार शाम से लापता थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो बगीचा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के बाद पुलिस लगातार बच्चों की खोजबीन में लगी हुई थी। इसी बीच आज रविवार को गांव के पास स्थित एक तालाब में दोनों बच्चों के शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तालाब में नहाने गए हुए थे, तभी यह हादसा हुआ। हालांकि, मामले में पुलिस जांच कर रही है कि आखिर यह घटना कैसे हुई। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लापता दो बच्चों की तालाब में मिली लाश, गांव में पसरा मातम



