रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र में एक बार फिर डीजल चोरों ने दस्तक देकर पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। वार्ड क्रमांक 2 निवासी गोपाल पाण्डेय ने थाना घरघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी पाण्डेय रोड लाइन की वाहन से अज्ञात चोरों ने करीब 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
घटना 26 मार्च की शाम की बताई जा रही है, जब वाहन जय बालाजी पेट्रोल पंप के पास खड़ा था और ड्राइवर गाड़ी में ही सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर डीजल टंकी का ढक्कन तोड़ दिया और पूरी टंकी खाली कर फरार हो गए।
सुबह जब ड्राइवर की नींद खुली, तो टंकी टूटी हुई मिली और डीजल गायब था। उसने तुरंत वाहन मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गोपाल पाण्डेय ने देखा कि टंकी का ताला टूटा हुआ है और सारा डीजल चोरी हो चुका है। इसके बाद उन्होंने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात चोरों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि नए एसएसपी शशि मोहन सिंह के पदस्थापना के बाद डीजल चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगी थी, लेकिन अब एक बार फिर चोर सक्रिय नजर आ रहे हैं। यदि समय रहते इन पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे जनहानि की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
खड़ी वाहनों से फिर होने लगी डीजल चोरी
300 लीटर डीजल पर हाथ साफ



