रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाते हुए वैभवी अग्रवाल ने पूरे देश में 35वां स्थान हासिल किया है। वैभवी की इस अभूतपूर्व सफलता पर रायगढ़ विधायक और प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। वैभवी की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह सफलता केवल एक व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा- वैभवी की यह शानदार सफलता युवाओं में अपने सपनों को साकार करने का संकल्प जागृत करेगी। यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों में नया आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार करेगी। वैभवी ने साबित कर दिया है कि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत से किसी भी शिखर को छुआ जा सकता है। वित्त मंत्री ने आगे कहा कि वैभवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से समस्त प्रदेशवासियों को गर्व है। उन्होंने वैभवी के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग और वैभवी के समर्पण ने आज छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय पटल पर अंकित किया है।



