रायगढ़। जिले में लकड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। तस्कर रायगढ़ से खैर की लकड़ी चुराकर जांजगीर-चांपा जिले के गोदाम में डंप कर रहे थे। रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिले की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर लाखों रुपए की अवैध लकड़ी जब्त कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के डीएफओ को मुखबिर से सूचना मिली कि सहसपुरी की ओर से खैर की लकड़ी की तस्करी हो रही है। सूचना मिलने के बाद डीएफओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीओ, रेंजर और उडऩदस्ता की टीम गठित की गई और तस्करों की तलाश शुरू की गई। तस्करों को भनक लग गई और वे ट्रक में लकड़ी लोड कर भागने लगे। लेकिन वन अमला की टीम ने चंद्रपुर रोड पर ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर करीब 50 हजार रुपए की अवैध लकड़ी मिली, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर भाग गया। कुछ देर बाद वन अमला ने चालक रतनपुर के सूरज कुमार सारथी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि खैर की लकड़ी सहसपुरी में डंप की गई थी और इसे चांपा में मनीष अग्रवाल के गोदाम में रखा जाना था। ट्रक में उसका साथी मेलाराम सतनामी भी था, जो अवैध लकड़ी इकठ्ठा करता था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि आसपास के क्षेत्र से खैर की लकड़ी काटकर 1-3 ट्रक इक_ा की जाती थी। फिर उन ट्रकों की लकड़ी को लेकर चांपा में बड़े गोदाम में डंप कर दिया जाता था। रायगढ़ की टीम रात करीब 1 बजे चांपा के ग्राम भादा स्थित एक बंद राइस मिल परिसर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 से 20 ट्रक के बराबर तेंदू और खैर की इमारती लकड़ी जब्त की है। तस्करों ने अकलतरी भांटा, चांपा के पास एक गुप्त गोदाम बना रखा था। इसके बाद रायगढ़ टीम ने चांपा के डीएफओ को सूचना दी। वनमंडलाधिकारी चांपा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोदाम से लगभग 40-50 लाख रुपए कीमत की अवैध लकड़ी बरामद की गई।
दूसरे राज्यों में खपा रहे थे
बताया जा रहा है कि खैर की लकड़ी चांपा से बाहर के राज्यों जैसे पंजाब और हरियाणा में भेजी जाती थी। खैर लकड़ी के तस्कर रायगढ़ और चांपा जिलों में सक्रिय हैं और बड़े गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं। रायगढ़ वन अमला ने एक ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में आगे की जांच की जा रही
रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद ट्रक को पकड़ा गया। इसके बाद पता चला कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर काम कर रहा है, इसलिए जांजगीर-चांपा की टीम के साथ मिलकर गोदाम में दबिश दी गई। दबिश में लाखों की अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई। इसके अलावा रायगढ़ में एक ट्रक में लोड अवैध लकड़ी को भी जब्त किया गया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।



