शहजाद खान/जैजैपुर। विधानसभा चुनाव के लिए दावेदार पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। लगभग 2 लाख 50 हजार मतदाताओं वाले जैजैपुर विधानसभा में इस बार कांटे की टक्कर होगी। इस बार सभी पार्टियों के दर्जनों दावेदार अभी से चुनाव मैदान में आने की ताल ठोंक रहे हैं। वहीं कई उम्मीदवारों ने जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है। प्रमुख राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा में उम्मीदवारों की लम्बी लिस्ट है। कांग्रेस से 61 उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी की ताल ठोंक रहे हैं तो भाजपा में भी उम्मीदवारों की लम्बी कतार है। इससे पार्टी को प्रत्याशी चयन करने में भारी परेशानी हो सकती है।
वर्तमान में जैजैपुर विधानसभा में बसपा का विधायक है और इस बार भी वे मजबूती के साथ चुनाव मैदान में होंगे। वहीं आम आदमी पार्टी से भी कई दावेदार हैं। आप से टिकट मांगने वाले सभी साहू समाज से है। इधर, आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारी बूथ स्तर से शुरू कर दी है। जबकि, दूसरी पार्टी के दावेदार अभी अपने आकाओं से संपर्क कर अपनी दावेदारी पक्की करने में लगे हुए हैं। यदि दोनों प्रमुख पार्टी सही प्रत्याशी का चयन नहीं कर पाएगी तो पिछले चुनाओं की तरह मात खानी पड़ सकती है। बता दें कि पिछले चुनाव में भाजपा दूसरे नंबर तो कांग्रेस तीसरे नंबर में थी। वहीं वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बालेश्वर साहू, बलराम चंद्रा, टेकचंद चंद्रा, कमल किशोर पटेल, अनिल चंद्रा सहित 61 लोगों ने अपने ब्लाक अध्यक्ष को अपनी उम्मीदवारी के लिए आवेदन सौंपा है। इसी प्रकार भाजपा से गोपी सिंह ठाकुर, निर्मल सिन्हा, सत्यनारायण चंद्रा, कीर्तन चंद्रा सहित दर्जनों दावेदार अपनी उम्मीदवारी की ताल ठोक रहे हैं। कांग्रेस में बालेश्वर चंद्रा, टेकचंद चंद्रा और कमल किशोर पटेल का नाम आगे चल रहा है तो भाजपा में गोपी सिंह ठाकुर और निर्मल सिन्हा का नाम आगे आ रहा है। राजनीतिकारों का मानना है कि विधानसभा चुनाव में हार-जीत में पिछले वर्षो की तरह चुनाव में जातिगत समीकरण हावी नहीं रहेगा। वहीं बसपा से केशव चंद्रा की टिकट पक्की हो गई है। बहरहाल कौन सी पार्टी किसे टिकट देगी, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। मगर, पार्टी जिसे भी टिकट दे, विधानसभा चुनाव काफी दिलचस्प होगा।
क्या होगी पार्टियों की रणनीति
जैजैपुर विधानसभा से बसपा के वर्तमान विधायक को ही पुन: प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस बार भाजपा और कांग्रेस पार्टी साहू और चन्द्रा समाज के अलावा अन्य किसी समाज के कार्यकर्ता को विधानसभा चुनाव में टिकट देगी या फिर से दोनों प्रमुख विपक्षी पार्टियां साहू और चन्द्रा समाज के अपने कार्यकर्ता को चुनावी मैदान में उतारेगी, यह समय बताएगा। मगर, चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, उसके मद्देनजर भाजपा और कांग्रेस पार्टी में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त बनी हुई है। जैजैपुर विधानसभा सामान्य सीट है, ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख पार्टियां स्वच्छ छबि, मिलनसार, पार्टी के प्रति निष्ठावान और आम जनमानस से जुड़े व्यक्ति को प्रत्याशी बनाती है, तब बसपा का विजय रथ रोक सकती है, अन्यथा बसपा को तीसरी बार जीत व हैट्रिक के लिए कोई नहीं रोक सकता है।