धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ फारेस्ट डिवीजन इलाके के धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जिसमें हाथी से सामना होने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति की जान बाल बाल बच गई। इस मामले के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक मेंढरमार निवासी सुधुराम सायकल में सवार होकर आज तडक़े सुबह अपने खेत की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार वह इस बात से अनजान था कि उस जंगल के रास्ते पर हाथी पहले से है। तभी अचानक मेंढरमार राइस मिल के पीछे 365 आर एफ जंगल रास्ते मे हाथी आ गया और सुधुराम के बिल्कुल सामना हो गया हाथी उसे सूंड से धकेल दिया उसके बाद बताया जा रहा है हाथी दूसरी ओर जंगल मे चला गया। लेकिन इस दौरान आपाधापी में जमीन पर गिरने व धक्का लगने से सुधुराम का बाया जांघ जख्मी हो गया है। हालांकि जैसे तैसे वहाँ से वह जान बचाकर घर आ गया। जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए धरमजयगढ़ हॉस्पिटल लाया गया है, जहाँ घायल सुधुराम का इलाज जारी है। वहीं, इस घटना की सूचना पर संबंधित वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी तत्काल अस्पताल पहुंच गए और घायल सुधुराम का हाल जाना। इसके साथ ही विभागीय उपचार हेतु 1000 रुपए राहत राशि देकर इलाज कराया जा रहा है।