रायपुर। कारोबारी की कार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी हरियाणा और झारखंड से की गई है। बताया जा रहा है कि हरियाणा का अमनदीप वाल्मीकि वारदात का मास्टरमाइंड है। पकड़े गए आरोपियों में वह भी शामिल है। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने ही शूटर्स को बाइक और सिम दिलवाई थी। हालांकि अभी तक शूटर्स का पता नहीं चल सका है। 13 जुलाई को पीआरए कंस्ट्रक्शन के महावीर चौक, रिंग रोड स्थित दफ्तर में फायरिंग की गई थी।
अलग-अलग रोल में थी आरोपियों की भूमिका
रायपुर सिटी एएसपी लखन पटले ने बताया कि कारोबारी पर फायरिंग करने वाले दोनों शूटरों की पहचान कर ली गई है। ये सिरसा हरियाणा के रहने वाले है। पुलिस की टीमें उन्हें पकडऩे में जुटी है। ये दोनों आरोपी 10 जुलाई से रायपुर के होटल में ठहरे हुए थे। आरोपियों को झारखंड के संदीप यादव और लोहरदगा के शाहिद ने रायपुर में बाइक प्रोवाइड करवाई थी। पल्सर बाइक रांची से चोरी की गई थी। रांची के शाहिद ने आरोपियों के अकाउंट में एडवांस की रकम डाली थी। दूसरी ओर हरियाणा के आरोपियों में से अमनदीप वाल्मिकी ने जेल में बंद अमन साव के कहने पर इस पूरी घटना की प्लानिंग की थी। अमनदीप से हरियाणा के ही रवि कुमार सेन और लक्ष्मण दास जुड़े हुए थे। जिसमें रवि ने खुद के नाम से सिम खरीदकर लक्ष्मण दास को दिया था। फिर लक्ष्मण ने दोनों शूटरों को सिम दिया था।
हरियाणा-झारखंड से ऑपरेट हुआ गोली कांड
पुलिस ने बताया कि हरियाणा और झारखंड से इस पूरे गोली कांड को ऑपरेट किया गया। गिरफ्तार आरोपी घटना के पहले और बाद में अलग-अलग कामों से शूटर्स से लगातार संपर्क में थे। शूटर्स ने रेकी कर उसकी जानकारी भी गिरफ्तार आरोपियों को दी थी। पुलिस को अमनदीप के पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। जिस वजह से उस पर आर्म्स एक्ट में भी एक्शन लिया गया है।
चेहरे पर कपड़ा लपेटकर पहुंचे थे शूटर
13 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे के करीब पीआरए कंस्ट्रक्शन के कारोबारी प्रह्लाद राय अग्रवाल और अन्य कारोबारी महावीर चौक रिंग रोड स्थित अपने ऑफिस पर मौजूद थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा लपटे बाइक में सवार दो शूटर वहां पहुंचे। उन्होंने कारोबारी की कार पर फायर कर दी। पुलिस ने आशंका जताई है कि ये शूटर उत्तर भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई और झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू गैंग से जुड़े थे। इसके पहले भी इन्हीं कारोबारी को मारने पहुंचे 4 शूटरों को पुलिस ने दबोचा था। ये गैंगस्टर इस कंस्ट्रक्शन कंपनी के कारोबारियों से झारखंड में चल रहे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट में लेवी(अवैध पैसों की मांग) की मांग कर रहे हैं।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमनदीप वाल्मिकी उर्फ अम्मू को इस घटना का मास्टरमाइंड बताया गया है। वह धोतड़ बस स्टैण्ड के पास थाना रनिया, जिला- सिरसा, हरियाणा का रहने वाला है। अमन साव गिरोह का सदस्य है। पंजाब के एक और गैंग के लिए भी काम करता है। 23 साल का संदीप यादव, गांव- सेहलतेतर टोली, थाना- घाघरा, जिला- गुमला, झारखंड का रहने वाला है। इसे रिमांड में लेकर रायपुर जेल भेज दिया गया है। 22 साल का शाहिद अंसारी, न्यू आजाद बस्ती लोहर दगा, झारखंड का रहने वाला है। 25 साल का शाहिद अंसारी, आजाद बस्ती पथलकुरवा, थाना- लोवर बाजार, जिला- रांची, झारखंड का रहने वाला है। 22 साल का रवि कुमार सेन, थाना- सदर, जिला- सिरसा, हरियाणा का रहने वाला है। 23 साल का लक्ष्मण दास बाजीगर, सलारपुर, थाना- सदर, जिला- सिरसा, हरियाणा में रहता है।
कारोबारी पर फायरिंग मामले में 6 गिरफ्तार
लेवी के लिए दी थी सुपारी, शूटर्स अब भी फरार
