जशपुर। जिले का बहुचर्चित सडक़ चराईडांड -दमेरा फिर से विवादों में आ गया है। शासन स्तर पर फिर से इस सडक़ की जाँच शुरू की गई है। इस बार यहां चल रहे सडक़ निर्माण की जांच में लोक निर्माण विभाग के 4 बड़े अधिकारियों को लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व कांग्रेस सरकार में यह सडक़ काफी विवादों में था। तात्कालीन विपक्षी पार्टी भाजपा ने प्रदेश के वर्तमान मुख्यमन्त्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में विशाल पदयात्रा भी निकाली थी। कुनकुरी के तात्कालीन विधायक यूडी मिंज के विरुद्ध भाजपा ने आरोपों की झड़ी लगा दी थी। भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विधायक ने मोटा कमीशन के चक्कर मे यहाँ का काम रोक दिया है। इन सारे विवादों के बीच सडक़ निर्माण का कार्य काफी समय तक बंद रहा। भाजपा नेता नितिन राय ने बताया कि इस बार पुन: सडक़ का निर्माण शुरू हुआ लेकिन सडक़ की गुणवत्ता नितांत घटिया किस्म का था इसलिए शासन से इसकी गुणवत्ता की जाँच की मांग की गई थी। इसके बाद शासन स्तर पर इसकी जाँच की जा रही है। भाजपा नेता राय ने बताया कि यह सडक़ स्व कुमार साहब (दिलीप सिंह जूदेव)का सपना रहा है इसलिए इस सडक़ के प्रति पूरे जिलेवासियों के मन मे असीम आस्था भी है इस लिहाज से इस सडक़ की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।



