पंखाजूर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के बीजेपी जिला उपाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या भाड़े के कातिलों ने की थी। 5 दिन बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया। पखांजूर के बीजेपी नेता असीम राय को मारने के लिए कांग्रेस नेता और नगर पंचायत अध्यक्ष ने 7 लाख की सुपारी दी थी। वारदात में शामिल 12 में से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक से दो लोग असीम राय का पीछा करते दिखे।
रास्ते में पीछे बैठे आरोपी ने असीम को पिस्टल से शूट कर दिया और पीव्ही-32 चौक से डोटोमेटा की तरफ भाग गए। शूटर विकास मजूमदार अभी फरार है। मामला 7 जनवरी रात 8 बजे पखांजूर थाना क्षेत्र के गढ़चिरौली मार्ग का है। बाइक पर पीछे बैठकर पिस्टल चलाने वाले आरोपी की पहचान पीव्ही- 82 निवासी विकास तालुकदार के रूप में हुई है। मुखबिर से पता चला कि विकास तालुकदार को अक्सर पीव्ही-125 निवासी नीलरतन मंडल के साथ घूमते फिरते देखा गया है। इस सुराग के बाद पुलिस ने नीलरतन मंडल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने साजिश की पूरी कहानी सुनाई।
नीलरतन मंडल ने बताया उससे पखांजूर निवासी मंडल मेडिकल के प्रोपराइटर सोमेन्द्र मंडल, पीव्ही-28 निवासी सर्वजीत उर्फ सुरजीत और पीव्ही-36 निवासी रीपन ने मुलाकात की। इस दौरान तीनों ने बताया कि पखांजूर के कांग्रेस नेता बप्पा गांगुली, विकास पाल और पीव्ही-28 निवासी जितेन्द्र बैरागी असीम राय की हत्या करवाना चाहते हैं। नीलरतन ने असीम राय की हत्या के लिए अपने मौसेरे भाई शार्प शूटर विकास तालुकदार और जयंत विश्वास की मुलाकात सोमेन्द्र से करवाई। असीम राय की हत्या के लिए नीलरतन मंडल, विकास तालुकदार और जयंत विश्वास ने 7 लाख रुपए असीम राय की हत्या करने का ठेका लिया।
अविश्वास प्रस्ताव व होटल टूटने का था डर
इस दौरान पुलिस ने सोमेन्द्र मंडल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 3 दिसंबर को सरकार बदलने के बाद कांग्रेस नेता और नगर पंचायत अध्यक्ष बप्पा गांगुली के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उनकी कुर्सी खतरे में थी। इसी तरह पार्षद विकास पाल को इस बात का डर था कि उसके पखांजूर इन होटल का अवैध निर्माण भी तोड़ा जाएगा। दोनों ही इसके लिए असीम राय को ही जिम्मेदार मानते थे।
1 लाख में खरीदी पिस्टल
पुलिस ने खुलासा किया कि कांग्रेसी नेता बप्पा गांगुली, विकास पाल और जितेन्द्र बैरागी ने सुपारी देकर असीम की हत्या कराई। हत्या के लिए पैसे का इंतजाम बप्पा गांगुली और विकास पाल ने किया। बप्पा गांगुली और विकास पाल ने सोमेंद्र मंडल के जरिए 7 लाख रुपए नीलरतन को भेजा। इस रकम में से करीब 1 लाख रुपए में पिस्टल खरीदी गई थी। जितेन्द्र बैरागी ने वारदात से पहले तपन मंडल और समीत मांझी के साथ मिलकर रेकी की थी। इसके बाद विकास तालुकदार ने अपने साथी गोपीदास के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने पल्सर बाइक, 3 लाख रुपए और हत्या के समय पहने हुए कपड़े बरामद कर लिए हैं।
कांग्रेस नेता ने कराई बीजेपी जिला उपाध्यक्ष असीम की हत्या
पंखाजूर नगर पंचायत अध्यक्ष ने दी 7 लाख की सुपारी
