रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की रफ्तार बढ़ गई है। जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में अब तक 40 हजार से भी अधिक किसानों से धान की खरीदी की जा चुकी है। इस सीजन में जिले से 5 लाख मिट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक की स्थिति में जिले में 2 लाख 61 हजार मिट्रिक टन धान खरीदी हो गई है। इस तरह धान खरीदी लक्ष्य के लिहाज से आधा से ज्यादा की खरीदी की जा चुकि है। आने वाले दिनों में धान खरीदी की निर्धारित समय-सीमा से पहले ही लक्ष्य प्राप्त होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि धान खरीदी के साथ ही किसानों को समर्थन मूल्य की राशि का तत्काल भुगतान भी किया जा रहा है। इस तरह धान खरीदी की 5 अरब 69 करोड़ 79 लाख से भी अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। दरअसल रायगढ़ जिले में धान खरीदी शुरू होने के शुरुआती दिनों में धान खरीदी की गति काफी धीमी थी, लेकिन मौजूदा दौर में उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक बढ़ गई है। अब तक की स्थिति में जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में किसान बड़ी संख्या में धान लेकर पहुंच रहे हैं। जिससे खरीदी केन्द्रों में धान का स्टाक लगातार बढ़ता जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अब तक की स्थिति में जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में 40 हजार 802 किसानों से 2 लाख 61 हजार 53 मिट्रिक टन धान की खरीदी कर ली गई है। धान खरीदी का समर्थन मूल्य की राशि का भी अनवरत भुगतान संबंधित किसानों को उनके बैंक खाते में किया जा रहा है। बताया जाता है कि अब तक की स्थिति में किसानों को धान खरीदी का 5 अब 69 करोड़ 79 लाख 1 हजार 565 रुपए कुल भुगतान किया गया है। जिन किसानों का ऋण बकाया है उसकी वसूली कर शेष राशि का भुगतान किसानों के बैंक खाते में किया जा रहा है। रायगढ़ जिले में अब तक की स्थिति में किसानों से 98 करोड़ 68 लाख 31 हजार 420 रुपए की ऋण वसूली की जा चुकी है। साथ ही किसानों के खाते में ऋण वसूली के उपरांत 4 अब 71 करोड़ 10 लाख 70 हजार 144 रुपए हस्तांतरित किए जा चुके हैं। इस तरह जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसान बेहद उत्साहित हैं। बताया जा रहा है कि इस सीजन में 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी होने से किसान खुश हैं। साथ ही समर्थन मूल्य की राशि मिलने के पश्चात आने वाले दिनों में बकाया राशि का भुगतान पाने की उम्मीद से प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी के संबंध में लिए गए निर्णय को किसानों के लिए वरदान मान रहे हैं।
धान की कस्टम मिलेंगे शुरू
इस सीजन में जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में फिलहाल पतला धान की जहां बोहनी नहीं हुई है। वहीं 6 लाख 54 हजार 877 क्विंटल सरना धान की खरीदी की गई है। मोटा धान की बात करें तो इस किस्म के धान की सबसे ज्यादा खरीदी हुई है। इस सीजन में अब तक 19 लाख 55 हजार 247 क्विंटल मोटा धान खरीदा जा चुका है। इसके साथ ही उपार्जन केन्द्रों से मिलिंग के लिए धान का उठाव भी शुरू कर दिया गया है। बताया जाता है कि इस सीजन में 11 लाख 16 हजार 304 क्विंटल मिलिंग का एग्रीमेंट किया गया है। जिससे कस्टम मिल्स मिलिंग के लिए धान का उठाव कर मिलिंग भी कर रहे हैं। बताया जाता है कि मीनिंग का करीब 40 हजार 942 क्विंटल चावल भी जमा करा लिया गया है।
जिले में लक्ष्य के आधे धान कर ली गई खरीदी
ढाई लाख मिट्रिक टन से धान खरीदी 5 लाख का है लक्ष्य, उपार्जन केन्द्रों में बढ़ी धान की आवक
