बिलासपुर। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से 30 जून एवं 01 जुलाई 2026 को बिलासपुर मंडल के 09 प्रमुख रेलवे स्टेशनों—बिलासपुर, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड, उमरिया, अम्बिकापुर, कोरबा, रायगढ़ एवं चांपा में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में 30 जून को आयोजित संवाद कार्यक्रम में मंडल यांत्रिक अभियंता (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग) साईं रमेश, मुख्य स्टेशन प्रबंधक तथा विद्युत, यांत्रिक, चिकित्सा, वाणिज्य एवं इंजीनियरिंग विभाग के पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। इसी प्रकार शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड, उमरिया, अम्बिकापुर, कोरबा, रायगढ़ एवं चांपा रेलवे स्टेशनों पर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी अनुपालन, विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण (स्द्गद्दह्म्द्गद्दड्डह्लद्बशठ्ठ), वैज्ञानिक संग्रहण एवं प्रसंस्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट के समुचित प्रबंधन तथा स्टेशन परिसरों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, स्वच्छता संबंधी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी विभागों की सहभागिता एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करना है । बैठक में सभी संबंधित विभागों ने निर्धारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने तथा रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों को स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे की दिशा में विशेष पहल!
बिलासपुर सहित मंडल के 9 रेलवे स्टेशनों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित



