रायगढ़। जिले में एक चोर एटीएम से पैसे चुराने के लिए गैस कटर लेकर पहुंचा। वह मशीन काटकर चोरी करने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे पकड़ लिया। यह मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 3 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गेरवानी के इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के एटीएम के पास एक संदिग्ध व्यक्ति है। सूचना पर गश्त टीम मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि एक युवक गैस कटर से एटीएम मशीन काटकर पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर 29 साल के पंकज कुमार पासवान को पकड़ लिया। उसके पास से गैस कटर भी बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था। उसने एटीएम से चोरी करने की योजना बनाई थी। पहचान छिपाने के लिए उसने अपने चेहरे पर काला स्प्रे किया था और रेनकोट पहनकर वहां पहुंचा था। उसने बताया कि वह झारखंड के पलामू जिले के डूबरीडीह गांव का रहने वाला है और पिछले कुछ सालों से गेरवानी के छटघाट नीचे पारा में रह रहा था। इस घटना में एटीएम मशीन को करीब 3 लाख 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
घटना के बाद इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और उसे रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अच्छे काम के लिए तीन आरक्षकों चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैंकरा को नगद इनाम देने के आदेश जारी किए और उन्हें प्रोत्साहित किया।
एटीएम से कैश चोरी करने गैस कटर लेकर पहुंचा चोर
रंगे हाथ पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, मशीन को 3.50 लाख का नुकसान



