रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा इलाके में फर्जी ऑफिस खोलकर बेरोजगारों को सरकारी नौकरी और डॉक्टर बनाने का झांसा देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताने वाला गिरोह का मास्टरमाइंड 10वीं पास है और अब तक 52 लोगों से 2 करोड़ 34 लाख रुपए ठग चुका है।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम नरेश मनहर (जांजगीर), भुनेश्वर बंजारे (सारंगढ़), हीरा दिवाकर (जांजगीर चांपा), राकेश रात्रे हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। यह मामला सिविल लाइन थाना का है।
पीडि़त संजय निराला ने 17 फरवरी को ठगों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में शिकायत की थी। संजय ने पुलिस को बताया कि आरोपी नरेश मनहर खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताकर पोस्ट मास्टर और पोस्टमैन की नौकरी दिलाने का झांसा देता था। वह फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर स्पीड पोस्ट से आवेदकों के पते पर भेजता था, जिससे उन्हें भरोसा हो जाए कि नौकरी लग गई है। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नरेश मनहर के खिलाफ जांच शुरू की तो ठगों के नेटवर्क का खुलासा किया।
पुलिस अधिकारियों ने जांच में खुलासा किया है कि आरोपी ने आमासिवनी पंडरी में फर्जी ऑफिस खोल रखा था। जांच के दौरान उसके कब्जे से 2 स्मार्ट फोन, लैपटॉप, कलर प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन, कंप्यूटर सेटअप, फर्जी नियुक्ति पत्र, सील और कई दस्तावेज जब्त किए हैं। लैपटॉप से फर्जी एमबीबीएस डिग्री की सॉफ्ट कॉपी भी मिली है।
किसकी क्या थी जिम्मेदारी
-
ठग का नाम भूमिका
नरेश मनहर मास्टर माइंड
भुनेश्वर बंजारे पैसा कलेक्ट करने की जिम्मेदारी
हीरा दिवाकर दस्तावेज कलेक्ट करने की जिम्मेदारी
राकेश रात्रे दस्तावेज
कलेक्ट करने की जिम्मेदारी
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास विद्यापीठ डीवाय पाटिल विद्यापीठ यूनिवर्सिटी की डिग्री मिली है। इसके साथ ही आरोपी नरेश मनहर ने महिला डॉक्टर के अकाउंट में 40 लाख रुपए ट्रांसफर किए हैं। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि आरोपियों के सिंडिकेट में और भी सदस्य हैं। इन सदस्यों और यूनिवर्सिटी के खिलाफ पुलिस की जांच जारी है।
क्या कहती है पुलिस
रायपुर सेंट्रल जोन डीसीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया, कि आरोपी की शिकायत पर एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू और थाना प्रभारी यमन देवांगन की टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर रेड मारी और आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लैपटॉप, पैसे गिनने की मशीन, दस्तावेज, मोबाइल, कार, सील साइन और पासबुक बरामद किया है।



