रायगढ़। जिले में पुलिस मादक पदार्थ और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है, जो लंबे समय से युवकों और युवतियों को हुक्का उपलब्ध करवा रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक जगहों के आसपास सिगरेट और तंबाकू उत्पाद बेचने की शिकायतें मिल रही थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली और साइबर पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास शंकर एंड कॉस्मेटिक दुकान में संदेहास्पद गतिविधियां हो रही हैं। पुलिस तुरंत वहां पहुंची और दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक गिरीश भाठिया (36 वर्ष, निवासी पक्की खोली, चक्रधर नगर) को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि गिरीश भाठिया अपनी दुकान में युवक-युवतियों को सार्वजनिक रूप से हुक्का पीने की सुविधा दे रहा था और दुकान में फ्लेवर युक्त तंबाकू भी इस्तेमाल हो रहा था। पुलिस ने इसे सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा एक्ट) का उल्लंघन मानते हुए दुकान में रखे हुक्का पॉट और फ्लेवर युक्त तंबाकू जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार कार्रवाई की जा रही
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सार्वजनिक जगहों पर हुक्का, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों का अवैध इस्तेमाल या युवाओं को देना कानून का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और युवाओं को नशे की ओर आकर्षित करने वाले लोगों और दुकानों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



